Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में आज रात से खत्म होगी IMA की हड़ताल:सरकार के साथ बनी सहमति, आयुष्मान योजना के 500 करोड़ का होगा भुगतान

हरियाणा की इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) और सरकार के बीच आयुष्मान योजना के तहत बकाया 500 करोड़ रुपए को लेकर बैठक हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई। बैठक में चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी और एसीएस स्वास्थ्य सुधीर राजपाल मौजूद रहे। चर्चा के दौरान कई मुद्दों पर सहमति बनी, जिसके बाद आईएमए ने हड़ताल को खत्म करने का ऐलान कर दिया।

आईएमए के राज्य प्रधान डॉ. महावीर जैन ने बताया कि प्रदेशभर के करीब 650 प्राइवेट अस्पताल आयुष्मान योजना के तहत मरीजों का इलाज करते हैं। लेकिन अप्रैल से अगस्त तक का लगभग 500 करोड़ रुपए का बकाया भुगतान अब तक जारी नहीं हुआ है। इसी कारण मजबूरन 7 अगस्त से आईएमए ने आयुष्मान योजना के तहत सेवाएं बंद कर रखी।

डॉ. जैन ने कहा कि सरकार ने पहले वादा किया था कि 15 से 20 दिन के भीतर भुगतान कर दिया जाएगा, लेकिन वास्तव में तीन से चार महीने तक भी पैसे नहीं मिलते। अब तक सिर्फ मार्च तक की पेमेंट हुई है, जबकि अप्रैल से अगस्त तक की राशि लंबित है। बैठक में इन्हीं मुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें सरकार के साथ सहमति बन गई।

आईएमए के जनरल सेक्रेटरी डॉ. धीरेंद्र सोनी ने बताया कि मीटिंग के दौरान चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी व एसीएस स्वास्थ्य सुधीर राजपाल ने आश्वासन दिया कि आयुष्मान योजना के तहत अस्पतालों की पेमेंट समय पर होगी। 30 दिन से लेट कोई भी पेमेंट नहीं होगी। अगर लेट होती है तो उन्हें तुरंत बता दें, पेमेंट जारी कर दी जाएगी।

आईएमए के जनरल सेक्रेटरी डॉ. धीरेंद्र सोनी ने बताया कि चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तोगी ने आश्वासन दिया कि अस्पतालों की जो बकाया राशि है, उसे जल्द जारी कर दिया जाएगा। आयुष्मान योजना के तहत उनके पास बजट आ गया है। जल्द अस्पतालों का भुगतान करने की व्यवस्था की जाएगी।

आईएमए के जनरल सेक्रेटरी डॉ. धीरेंद्र सोनी ने बताया कि आईएमए ने आयुष्मान योजना के तहत 7 अगस्त से इलाज बंद कर रखा है। चीफ सेक्रेटरी के साथ मीटिंग के बाद आईएमए ने अपनी जूम मीटिंग की और निर्णय लिया कि रात 12 बजे से आयुष्मान योजना के तहत इलाज शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने अपनी हड़ताल को खत्म करने का निर्णय लिया है।

Exit mobile version