Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में अवैध शराब ठेके को किया सील:सेल्समैन को किया गिरफ्तार, स्टॉक किया जब्त; जांच में नहीं मिला लाइसेंस

रोहतक में सुखपुरा चौक के पास अवैध रूप से चल रहे शराब के ठेके को आबकारी विभाग और पुलिस टीम ने देर रात कार्रवाई करते हुए सील कर दिया। साथ ही ठेके के अंदर रखे स्टॉक को जब्त किया गया। पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने के मामले में आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।

अवैध रूप से शराब बेचने वाले की पहचान नीतेश कुमार निवासी कानपुर यूपी के रूप में हुई। आरोपी खोखराकोट के नाम से ठेका चला था, जबकि उसके पास इसका लाइसेंस नहीं था। एक्साइज पॉलिसी के तहत अभी यह ठेका किसी को अलॉट नहीं किया गया है। जबकि पुराने ठेके का लाइसेंस 11 जून को समाप्त हो चुका है।

एक्साइज इंस्पेक्टर रीना ने बताया कि सुखपुरा चौक पर अवैध रूप से ठेका चलने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद रात को जब ठेके पर गए तो वहां मौजूद स्टॉक का लाइसेंस मांगा। लेकिन ठेके पर बैठा युवक नीतेश कुमार कोई भी लाइसेंस पेश नहीं कर सका। ऐसे में दुकान के अंदर रखी शराब की पेटियों को जब्त किया गया।

एक्साइज इंस्पेक्टर रीना ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ पावर हाउस चौक पर शराब के ठेके की जांच करने गई थी। जहां ठेके को खुलवाकर चेक किया गया। ठेके पर लिस्ट के अनुसार मार्का की शराब मिली। ठेके से कुछ बोतल, पव्वे और बीयर की बोतल सैंपल के तौर पर ली गई।

पुरानी सब्जी मंडी थाना से जांच अधिकारी एएसआई सन्नी ने बताया कि आबकारी विभाग की टीम और पुलिस ने मिलकर सुखपुरा चौक के पास अवैध रूप से चल रहे शराब के ठेके को सील किया है। साथ ही ठेके पर मौजूद कर्मचारी नीतेश को पुलिस ने पकड़ लिया है। ठेके का लाइसेंस 11 जून को समाप्त हो चुका है। पुलिस मामले में जांच कर रही है। साथ ही ठेके में रखे शराब के स्टॉक को जब्त कर लिया है।

Exit mobile version