Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में अवैध पटाखों की खेप पकड़ी: 100 डिब्बे बरामद, एक युवक गिरफ्तार; साथी मौके से फरार

करनाल: हरियाणा में दिवाली से पहले अवैध पटाखों की बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करनाल जिले के तरावड़ी में 100 डिब्बे पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका दूसरा साथी फरार हो गया। आरोपी बिना लाइसेंस और परमिट के पटाखे बेचने के लिए लेकर आए थे।

पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर को एएसआई हरविश कुमार और एएसआई सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ तरावड़ी क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 13 निवासी चरणदास और तुषार करनाल से पटाखे लेकर तरावड़ी आ रहे हैं। वे इन्हें बेचने की फिराक में हैं।

रेलवे पुल के नीचे पुलिस ने की नाकाबंदी

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तरावड़ी रेलवे पुल के नीचे नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद करनाल की तरफ से दो युवक एक बड़े भूरे रंग के बैग के साथ आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर एक युवक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे को पुलिस ने पकड़ लिया।

पूछताछ में पकड़े गए युवक की पहचान चरणदास पुत्र नानक चंद निवासी वार्ड नंबर 13, तरावड़ी के रूप में हुई। फरार युवक की पहचान तुषार पुत्र दीवान चंद के रूप में हुई है।

अलग-अलग कंपनियों के 100 डिब्बे मिले

पुलिस ने युवक के बैग की तलाशी ली तो उसमें अलग-अलग कंपनियों और किस्मों के 100 डिब्बे पटाखे मिले। इनमें रामंस किटकैट के 16, कल्कि 12 शॉट्स के 2, ग्राउंड चक्कर के 20, के-0201 लेपर्ड किंग के 30, ओरिजिनल पॉप के 30 और लैंसर क्रैकिंग फैंसी के 2 डिब्बे शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान इनमें विस्फोटक पदार्थ वाले पटाखे मिले।

लाइसेंस और फायर सेफ्टी उपकरण नहीं मिले

पुलिस ने आरोपी से पटाखे रखने और बेचने का लाइसेंस, परमिट और अग्निशमन विभाग की NOC मांगी, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। मौके पर आग बुझाने का उपकरण भी मौजूद नहीं था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पटाखे बेचने के लिए लेकर आया था।

विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज

पुलिस ने बरामद 100 डिब्बों में से 6 डिब्बे नमूने के तौर पर अलग रखे हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ की जा रही है, वहीं फरार तुषार की तलाश जारी है। मामले की जांच एएसआई हरविश कुमार को सौंपी गई है।

Exit mobile version