Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

“मैं तेरी नौकरी खा जाऊंगा… तू जानता नहीं मैं कौन हूं…SDO को व्यक्ति ने दी धमकी….

हिसार में बुधवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई के दौरान जमकर हंगामा देखने को मिला। सेक्टर-33 में कार्रवाई करने पहुंची टीम को उस समय विरोध का सामना करना पड़ा, जब एक व्यक्ति ने HSVP के SDO रामप्रसाद को खुलेआम धमकी दे डाली।

व्यक्ति ने गुस्से में कहा,
“मैं तेरी नौकरी खा जाऊंगा… तू जानता नहीं मैं कौन हूं!”

हालांकि SDO रामप्रसाद ने भी सख्त रुख अपनाते हुए व्यक्ति से मकान का नक्शा मांगा। जवाब में व्यक्ति ने कहा कि उसने नक्शे के लिए आवेदन किया हुआ है। इस पर SDO ने कहा कि नक्शा उनके पास ही आएगा और नियमों के अनुसार ही कार्रवाई होगी। इसके बाद व्यक्ति शांत होकर वहां से चला गया।

हाईकोर्ट के आदेश पर चल रही कार्रवाई

SDO रामप्रसाद ने बताया कि सेक्टरों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई हाईकोर्ट के आदेशों के तहत की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी को कब्जा करने का अधिकार नहीं है और सड़क के बीच आने वाली हर बाधा को हटाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि आगे सेक्टर-14, 14 पार्ट-2, सेक्टर-33 और सेक्टर 1 से 4 सहित कई इलाकों में अभियान जारी रहेगा। जिन जगहों से पहले कब्जे हटाए जा चुके हैं, वहां दोबारा निरीक्षण भी किया जाएगा।

कांग्रेस नेता के घर के बाहर भी चला बुलडोजर

HSVP टीम ने सेक्टर-14 में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष बजरंग दास गर्ग के घर के बाहर किए गए अवैध कब्जे को भी हटाया। बताया गया कि रैंप के पास खाली जगह को कवर कर पौधे लगाए गए थे। टीम ने जेसीबी की मदद से उस हिस्से को हटवा दिया।

कार्रवाई के दौरान कांग्रेस नेता घर के अंदर ही रहे और उन्होंने इस पूरे मामले पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।

8 दिन पहले भी विवादों में आए थे SDO

गौरतलब है कि 19 मई को सेक्टर-14 मार्केट में अतिक्रमण हटाने के दौरान एक दुकानदार झाड़ू लेकर SDO रामप्रसाद को मारने दौड़ पड़ा था। दुकानदार ने गाली-गलौज भी की थी, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था। बाद में दुकानदार ने SDO से माफी मांग ली थी।

Exit mobile version