IIT रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई… फिर कॉर्पोरेट नौकरी की जगह आध्यात्मिक प्रवचन का रास्ता… अभिषेक मिश्रा की कहानी कभी युवाओं के लिए प्रेरणा मानी जाती थी। लेकिन आज वही नाम गंभीर आरोपों और पुलिस जांच के केंद्र में है। मथुरा के गोवर्धन से हुई गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियां लगातार नए तथ्य जुटा रही हैं। पुलिस के अनुसार, अभिषेक मिश्रा सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए युवाओं तक पहुंच बनाता था। भगवद्गीता, आत्मिक शांति और जीवन के उद्देश्य जैसे विषयों पर प्रवचन देकर वह लोगों का विश्वास जीतता था। आरोप है कि इसी विश्वास के सहारे उसने कई युवाओं, खासकर युवतियों को अपने प्रभाव में लिया।जांच में सामने आया है कि उसके संपर्क में आने वाली कई युवतियां उच्च शिक्षित थीं। पुलिस का दावा है कि आरोपी ऐसे लोगों को निशाना बनाता था जो भावनात्मक या मानसिक उलझनों से गुजर रहे हों। पहले आध्यात्मिक मार्गदर्शन दिया जाता था और फिर धीरे-धीरे उन्हें परिवार से दूर होकर समूह के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाता था।मामले ने गंभीर मोड़ तब लिया जब एक पीड़िता ने आरोप लगाया कि अभिषेक मिश्रा ने कथित तौर पर गंधर्व विवाह का हवाला देकर उसे भ्रमित किया और इसी आधार पर शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने दुष्कर्म का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि क्या ऐसी घटनाएं अन्य युवतियों के साथ भी हुई थीं।पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या समूह से जुड़े लोगों का आर्थिक शोषण किया गया। आरोप हैं कि परिवारों से भावनात्मक दबाव बनाकर पैसे मंगवाए जाते थे। इसके लिए डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग लेन-देन और अन्य दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं।जांच के दौरान कुछ फोटो और वीडियो भी पुलिस के सामने आए हैं, जिनकी फोरेंसिक जांच जारी है। वहीं, कार्रवाई के दौरान वहां से दो युवतियों और एक युवक को बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया गया। सभी की काउंसलिंग कराई जा रही है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और हर पहलू को गहराई से परखा जा रहा है। सवाल सिर्फ एक व्यक्ति पर लगे आरोपों का नहीं है, बल्कि यह भी है कि आखिर आध्यात्मिक मार्गदर्शन के नाम पर विश्वास का यह नेटवर्क कितना बड़ा था और उसके पीछे की सच्चाई क्या है। आने वाले दिनों में जांच के नए खुलासे इस पूरे मामले की तस्वीर और साफ कर सकते हैं।
IIT रुड़की के पूर्व छात्र अभिषेक मिश्रा पर दुष्कर्म का मामला दर्ज, मथुरा से गिरफ्तारी

