Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

उधार में शराब देने से किया इनकार तो बदमाशों ने ठेके से लूटी शराब, फिर लगाई आग

जींद के गांव शाहपुर में उधार पर शराब नहीं दी तो युवकों ने अपने साथियों के साथ मिल कर शराब ठेके में आग लगा दी। इसके बाद युवक ठेके से शराब को लूट कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने इस मामले में शाहपुर गांव के प्रदीप और साहिल सहित कुछ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार शाहपुर से दालमवाला जाने वाले लिंक रोड पर शाहपुर गांव का शराब ठेका है। इस पर गतौली गांव का अमित शनिवार रात सेल्समैन की ड्यूटी पर था। अमित ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि शनिवार रात 12 बजे के बाद शाहपुर गांव का प्रदीप शराब ठेके पर ट्रैक्टर लेकर पहुंचा। प्रदीप ने उधार पर शराब मांगी। उधार पर उसने प्रदीप को शराब देने से मना किया को प्रदीप ने ट्रैक्टर से शराब ठेके को टक्कर मारी। उसके बाद प्रदीप ने अपने कुछ साथियों को  शराब ठेके पर बुलाया और इन लोगों ने ठेके से अंग्रेजी शराब और बीयर बोतलें लूट ली व ठेके को आग लगा दी।

पुलिस ने अमित की शिकायत पर प्रदीप तथा साहिल को नामजद कर तीन-चार अन्य युवकों के खिलाफ लूटपाट करने, ठेके में आग लगाने, तोड़ फोड़ करने सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच कर रही है।

Exit mobile version