हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा द्वारा सापला नगर पालिका चुनाव को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा के सीनियर नेता और पूर्व सहकारिता एवं शहरी निकाय राज्य मंत्री श्री मनीष कुमार ग्रोवर ने तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस अपनी हार को छुपाने के लिए अब नए-नए बहाने बना रही है। उन्होंने कहा कि हुड्डा जी यह कह रहे हैं कि जो प्रत्याशी जीता है , वह पहले कांग्रेस में था और बाद में भाजपा में गया, लेकिन जनता यह अच्छी तरह जानती है कि जीत भाजपा की नीतियों, विकास कार्यों और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व के विश्वास की हुई है।
शुक्रवार को दिल्ली रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनने के दौरान मीडिया से बातचीत में श्री ग्रोवर ने कहा कि कांग्रेस ने नगर पालिका का चुनाव नहीं लड़ा, हुड्डा जी का यह बयान स्वयं कांग्रेस की कमजोरी और संगठनहीनता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस जनता के बीच मजबूत होती तो चुनाव मैदान से भागती नहीं। भाजपा ने हमेशा विकास, पारदर्शिता और जनसेवा की राजनीति की है, जबकि कांग्रेस केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सांपला की जनता ने भाजपा के पक्ष में मतदान कर यह साबित कर दिया है कि हरियाणा में कांग्रेस का जनाधार लगातार खत्म हो रहा है और आने वाले समय में भी जनता भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी ने प्रदेश के लोगों से जो अपील की है, वह थोड़े समय के लिए है और इसमें हर व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। क्योंकि ईरान इजरायल और अमेरिका के युद्ध के चलते पूरी दुनिया की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं है। ऐसे में एक अच्छे नागरिक का कर्तव्य बनता है कि हम विपरीत परिस्थिति में देश के साथ मजबूती से खड़े रहे। इस मौके पर मार्केट कमेटी के अध्यक्ष अशोक चौधरी, मंडल अध्यक्ष अमित मग्गू, पंकज आनंद, अनिल नांदल, अनिल स्वामी गगन सिंह, सुभाष सैनी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
