चंडीगढ़: सेक्टर-43 बस स्टैंड के पीछे जंगल क्षेत्र में एक संदिग्ध बैग मिलने से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान बैग से IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद होने की सूचना है। राहत की बात यह है कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक बरामद विस्फोटक सक्रिय नहीं था।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके को सील कर दिया और पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी।
मामले की जांच सेक्टर-36 थाना पुलिस कर रही है। पुलिस अधिकारी फिलहाल इस संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी देने से बच रहे हैं।
जिस स्थान से संदिग्ध बैग बरामद हुआ है, वह सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसके आसपास सेक्टर-43 बस स्टैंड के अलावा जिला अदालत और रिहायशी क्षेत्र भी मौजूद हैं।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि IED वहां किसने और किस उद्देश्य से रखा था।

