जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने मंगलवार को बड़ी घटना को अंजाम दिया है. इस हमले में अबतक 26 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. आतंकियों ने एक आईबी ऑफिसर मनीष रंजन को उनके परिवार के सामने मौत के घाट उतार दिया. मृतक मनीष रंजन बिहार के रोहतास के रहने वाले थे.
आईबी अधिकारी मनीष रंजन बिहार के मूल निवासी थे और हैदराबाद कार्यालय के अनुभाग में तैनात थे. आईबी अधिकारी मनीष रंजन अपने परिवार के साथ लीव कंसेशन (LTC) यात्रा पर पहलगाम आए थे. मनीष अपने परिवार और अन्य टूरिस्टों के साथ मिनी स्विट्जरलैंड के नाम से पहचाने जाने वाले पहलगाम की बैसारन घाटी में थे, जब आतंकियों ने उन पर हमला किया.
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, पहलगाम शहर के पास एक मशहुर घास के मैदान में आतंकवादियों की गोलीबारी में 26 लोगों मारे गए, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे. रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों में पर्यटक, स्थानीय निवासी और सेना के जवान शामिल हैं. वहीं कई लोग इस हमले में जख्मी हुए हैं, जिनका इलाज जारी है.
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को पहलगाम हिल रिसॉर्ट में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले पर गहरा दुख जताया है. उन्होंने कहा कि यह घटना निंदनीय है. आतंक के विरुद्ध पूरा देश एकजुट है. उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
वहीं पहलगाम के बैसारन घाटी में आतंकी हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों के खिलाफ सर्च ऑपरेशन जारी है. इस ऑपरेशन में भारतीय सेना की विक्टर फोर्स, स्पेशल फोर्स, जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप और सीआरपीएफ शामिल हैं. इस ऑपरेशन में इंडियन आर्मी की विक्टर फोर्स लगाई गई है, जो घाटी में आतंकियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई के लिए जानी जाती है.
मंगलवार को हुए आतंकी हमले के बाद बुधवार की सुबह पीएम नरेंद्र मोदी अपनी सऊदी अरब की यात्रा छोड़कर भारत वापस आ गए हैं. आज कैबिनेट की बड़ी बैठक हो सकती है. गृह मंत्री अमित शाह पहले ही श्रीनगर पहुंच गए हैं और आज अमित शाह पहलगाम जा सकते हैं.
