भ्र्ष्टाचार मामले में गिरफ्तार पंजाब के सीनियर IAS अफसर संजय पोपली के बेटे कार्तिक पोपली (26) का पोस्टमार्टम पीजीआई चंडीगढ़ में शुरु हो गया है। एडीसी मौके पर पहुंच चुके हैं। कार्तिक की मां और अन्य रिश्तेदार समेत दोस्त पीजीआई मोर्चरी के बाहर बॉडी लेने के इंतजार में हैं। एडीसी की देखरेख में मेडिकल बोर्ड पोस्टमार्टम कर रहा है। साथ ही पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी करवाने की तैयारी है। पीजीआई में सुबह 11:00 बजे से ही पोस्टमार्टम के लिए तैयारियां चल रही हैं।
बता दें कि परिवार ने कार्तिक की हत्या की शंका जाहिर की थी। इसके बाद डीसी ने एडीसी की ड्यूटी लगाई थी। कार्तिक का शव पीजीआई की मोर्चरी में है। परिवार भी मीडिया से दूरी बनाए हुए है। परिवार की मांग के कारण सेक्टर 16 अस्पताल की बजाय कार्तिक का पोस्टमार्टम पीजीआई चंडीगढ़ में करवाया गया। शनिवार दोपहर लगभग 1.45 बजे पंजाब विजिलेंस की रेड के दौरान गोली चलने से उसकी मौत हुई थी। अब पोस्टमार्टम में साफ हो जाएगा कि यह हत्या थी या आत्महत्या। जानकारी के मुताबिक फोरेंसिक एक्सपर्ट भी पोस्टमार्टम में शामिल किए गए हैं।
परिवार के हत्या का शक जताने के बाद पोस्टमार्टम के लिए डॉक्टरों का पैनल गठित किया गया। IAS संजय पोपली को रिमांड के दौरान पंजाब विजिलेंस उनके सेक्टर 11 आवास पर लाई। इस दौरान उनके बेटे की घर की पहली मंजिल पर गोली चलने से मौत हो गई। पंजाब पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। वहीं परिवार का कहना है कि उनके बेटे की हत्या की गई थी। फोरेंसिक विशेषज्ञ भी पता लगा रहे हैं कि गोली कितनी दूरी से चली थी। चंडीगढ़ पुलिस की मोबाइल फोरेंसिक टीम ने घटना के बाद संबंधित कमरे का दौरा भी किया था।
गोली कार्तिक के सिर के आर-पार हो दीवार में जा धंसी थी। कार्तिक के पिता की लाईसेंसी पिस्टल पंजाब विजिलेंस की रेड के दौरान जब्त नहीं किया था। यह परिवार की कस्टडी में थे। इसी पिस्टल से कार्तिक के सिर में गोली लगी थी। वहीं पता चला है कि संजय पोपली के पास दो लाईसेंसी हथियार थे। इनमें से एक उन्होंने कुछ महीने पहले बेच दिया था। पंजाब वॉटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड के सीईओ रहते हुए संजय पोपली को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने बीते 20 जून को भ्रष्टाचार मामले में दबोचा था। 21 जून को उनका 4 दिन का रिमांड लिया गया था।
उनके घर से तलाशी में 73 गोलियां मिली थी। इनमें 41 गोलियां 7.65 बोर की थी, 30 गोलियां .22 बोर की थी जबकि 2 .32 बोर की थी। यह पोपली के पास कहां से आई इसका कोई जवाब नहीं था। ऐसे में सेक्टर 11 थाने में आर्म्स एक्ट का केस भी दर्ज हुआ था। 4 दिनों के रिमांड के दौरान बीते शनिवार को विजिलेंस उनके मकान नंबर 520 मकान पर लाई थी। यहां छापामारी के दौरान घर की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में गोल्ड, सिल्वर और बाकी सामान मिला था। इस दौरान कार्तिक भी घर पर था। विजिलेंस कार्रवाई चल रही थी कि कार्तिक की मौत हो गई। उसकी सिर में गोली लगने से मौत हुई थी। कार्तिक की मां श्री पोपली ने इसे हत्या बताया था।
4 दिनों के रिमांड के बाद न्यायिक हिरासत में चल रहे संजय पोपली इकलौती औलाद के अंतिम संस्कार में पुलिस हिरासत में पेश हो सकते हैं। परिवार के मित्र एवं वकील मतविंद्र सिंह कह चुके हैं कि वह कोर्ट में अर्जी देकर संजय पोपली के लिए बेटे के अंतिम संस्कार समेत अन्य रीति रिवाज़ में शामिल होने की मांग करेंगे। आज ही इस अर्जी पर कोर्ट का आदेश आना है।
कार्तिक का पोस्टमार्टम रविवार को हो जाना था। हालांकि परिवार काफी बुरी हालत में था और सेक्टर 16 अस्पताल में पोस्टमार्टम की औपचारिकताओं के लिए नहीं पहुंच पाया था। अस्पताल की मोर्चरी में कार्तिक का शव रखा गया था।

