Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

IAF chopper crash7: ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का पार्थिव शरीर लाया जाएगा भोपाल- 17 दिसंबर को होगा अंतिम संस्कार

तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलिकॉप्टर हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार भोपाल में होगा। बता दें कि बुधवार को बेंगलुरू के कमांड हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई है। वहीं इससे पहले दुर्घटना में देश के पहले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत सहित 13 लोगों की मौत हो गई थी। ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह इस हादसे में घायल हो गए थे, जिनका बुधवार को निधन हो गया।

ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का अंतिम संस्कार भोपाल में किया जाएगा। जानकारी के अनुसार उनका पार्थिव शरीर गुरुवार को भोपाल लाया जाएगा, जिसके अगले दिन उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भोपाल कलेक्टर के अनुसार उनके अंतिम संस्कार के संबंध में अभी लिखित में निर्देश आना बाकी है।

कुन्नूर में भारतीय वायुसेना के हेलिकॉप्टर दुर्घटना में घायल ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह का बुधवार, 15 दिसंबर को निधन हो गया। 9 दिसंबर को उन्हें गंभीर लेकिन स्थिर स्थिति में वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल से बेंगलुरु के कमांड अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया था।

शौर्य चक्र प्राप्त करने वाले IAF अधिकारी सैन्य दिग्गजों के परिवार से आते हैं। जिन्होंने सेना की तीन शाखाओं में सेवा की थी। उत्तर प्रदेश के देवरिया के रहने वाले सिंह के पिता केपी सिंह कर्नल के रूप में भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं। जबकि उनके भाई लेफ्टिनेंट कमांडर तनुज सिंह भारतीय नौसेना में एक अधिकारी हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिंह को हाल ही में विंग कमांडर से ग्रुप कैप्टन बनाया गया था। अभी हाल ही में उन्हें राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया गया था। 

कुन्नूर हेलिकॉप्टर दुर्घटना में भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस), जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी मधुलिका रावत, उनके रक्षा सलाहकार ब्रिगेडियर लखबिंदर सिंह लिद्दर, स्टाफ ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल हरजिंदर सिंह और स्टाफ के अन्य नौ सदस्यों के सशस्त्र बलों के कर्मियों की जान चली गई थी। 

Exit mobile version