Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

“मैंने भाई को मार दिया”चाकू-सुए से गोदकर की छोटे भाई की हत्यावारदात के बाद बाजार में घूमता रहा आरोपी


हरियाणा के पलवल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक युवक ने अपने ही छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी कुछ देर तक बाजार में घूमता रहा और फिर खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
जानकारी के अनुसार, शहर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह आरोपी सुरेश थाने पहुंचा और मुंशी से कहा, “मैंने अपने भाई को मार दिया है, उसकी लाश कमरे में पड़ी है, जाकर देख लो।” यह सुनकर पुलिसकर्मी भी सन्न रह गए।
पुलिस तुरंत आरोपी को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची, जहां कमरे में युवक का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। मृतक की पहचान 19 वर्षीय विक्रम निवासी जिला पाली, राजस्थान के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों भाई करीब एक साल से पलवल में दरबार कुआं के पास किराए के मकान में रहकर सोने की गलाई का काम करते थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने अपने भाई पर चाकू से कई वार किए और फिर सुए से भी शरीर पर कई जगह हमला किया। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कुछ देर तक बाजार में घूमता रहा और लोगों को भी घटना के बारे में बताया, लेकिन पहले लोगों ने इसे मजाक समझा। बाद में उन्होंने उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी।
सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। हत्या में इस्तेमाल चाकू और सुआं भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
शहर थाना प्रभारी प्रकाशचंद ने बताया कि आरोपी सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शुरुआती जांच में दोनों भाइयों के बीच कहासुनी की बात सामने आई है, हालांकि विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस मामले के हर एंगल से जांच कर रही है और मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Exit mobile version