हरियाणा के चरखी दादरी में 16 वर्षीय छात्रा से गैंगरेप-हत्या का मामला तूल पकड़ गया है। शुक्रवार को रोहतक पीजीआई में जुटे परिजनों ने साफ कर दिया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं लेंगे। पीजीआई में पंचायत को लेकर पुलिस भी अलर्ट हो गई है।
छात्रा के पिता के मुताबिक -मेरे पास आरोपियों का नाम पता है, लेकिन पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही। जब तक बेटी के हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होगी, वह शव नहीं लेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार छात्रा 24 फरवरी को घर से स्कूल जाने के लिए निकली थी। दोपहर के समय पुलिस को सूचना मिली कि रोज गार्डन में एक लड़की बेसुध पड़ी है। पुलिस ने छात्रा को चरखी दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, गांव के पूर्व सरपंच दिनेश श्योराण ने आरोप लगाया कि छात्रा की फ्रेंड ही उसे युवकों के पास लेकर गई थी। उन्होंने कॉफी में नशीला पदार्थ देकर उसे बेहोश किया। इसके बाद गैंगरेप कर दादरी के पार्क में छोड़कर फरार हो गए।
जानिए पूरा मामला…
रोहतक पीजीआई में डॉक्टरों ने गंभीर हालत में छात्रा का ट्रीटमेंट शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान छात्रा की मौत हो गई। पुलिस चौकी इंचार्ज कुलदीप के मुताबिक मृतका के पिता के बयान पर केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। 24 फरवरी को छात्रा हरियाणा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा के लिए रोल नंबर लेने स्कूल गई थी। आरोप है कि स्कूल से उसकी एक सहेली बहला-फुसलाकर दादरी ले आई, जहां कथित तौर पर एक गाड़ी में चार युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों का आरोप है कि बेटी को कोई जहरीला पदार्थ भी खिलाया गया।चरखी दादरी के बस स्टैंड पुलिस चौकी इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि दोपहर करीब 1 बजे रोज गार्डन में एक छात्रा बेहोशी की हालत में मिली थी। जिसकी हालत बहुत खराब हो रखी थी। इसके बाद नाबालिग छात्रा को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया। वहीं उसके बाद उपचार के लिए रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया।
पूर्व सरपंच दिनेश श्योराण के मुताबिक छात्रा बाढ़ड़ा के एक स्कूल में पढ़ाती थी। 24 फरवरी को उसकी एक सहेली दादरी लेकर चली गई। उसने वहां से कुछ सामान लाने का बहाना बनाया। इसके बाद उसकी फ्रेंड उसे एक प्लॉट में ले गई। जहां उसने चार-पांच लड़कों को बुला लिया। उन्होंने छात्रा को कॉफी पिलाई, जिससे वो बेहोश गई। दिनेश के मुताबिक इसके बाद आरोपियों ने छात्रा के साथ गैंगरेप किया। इसके बाद एक योगेश नाम के युवक ने दादरी के पार्क में छात्रा को छोड़ दिया। वहां रेहड़ी वालों ने पुलिस को छात्रा की सूचना दी। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया और छात्रा के पिता को इसकी सूचना दी। अब पुलिस छात्रा की डेडबॉडी लेने का दबाव बना रही है। जब तक छात्रा की फ्रेंड और 4-5 आरोपी गिरफ्तार नहीं किए जाते, तब तक हम डेडबॉडी नहीं लेंगे। एक युवक साहिल नाम का भी इसमें शामिल है। बोर्ड से छात्रा का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराया जाए। अगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं को हम पीजीआई में ही धरना देंगे।
