Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

2 घंटे से वेट कर रही हूं, आया क्यों नहीं, तू बड़ा लाट साहब लग रहा है के…लेडी ASI सरोज बाला ने कारोबारी को धमकाया

हरियाणा के नारनौल में शहर थाना की एक महिला एएसआई पर दिव्यांग कारोबारी को फोन पर धमकाने का आरोप लगा है। कारोबारी ने महिला पुलिसकर्मी की कॉल रिकॉर्ड कर ली, जिसमें कथित तौर पर वह कहती सुनाई दे रही है, “2 घंटे से वेट कर रही हूं, आया क्यों नहीं, तू बड़ा लाट साहब लग रहा है के।”

पीड़ित कारोबारी अजीत सैनी का आरोप है कि महिला पुलिसकर्मी बार-बार उसे थाने बुलाती है और न जाने पर धमकाती है। उसने बताया कि वह दिव्यांग है और चलने-फिरने में दिक्कत होती है, इसलिए हर बार थाने पहुंच पाना संभव नहीं होता।

दरअसल मामला 19 मई को उसकी टीन शेड फैक्ट्री में हुए विवाद से जुड़ा है। अजीत के अनुसार, उस दिन 4 लोग उसकी फैक्ट्री में पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए टांग तोड़ने की धमकी दी। उसने आरोप लगाया कि आरोपियों ने मेज पर मुक्के मारे और अभद्र व्यवहार किया। पूरी घटना फैक्ट्री में लगे CCTV कैमरों में भी कैद हो गई।

अजीत ने मामले की शिकायत शहर थाना नारनौल में दी थी, जिसकी जांच एएसआई सरोज बाला को सौंपी गई। कारोबारी का कहना है कि शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय पुलिस उसे ही बार-बार थाने बुला रही है।

वहीं, एएसआई सरोज बाला ने आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल जांच के सिलसिले में कारोबारी को बुलाया था। दूसरी पार्टी थाने पहुंच चुकी थी और वह करीब दो घंटे तक इंतजार करती रहीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने किसी प्रकार की धमकी नहीं दी।

उधर, पुलिस पीआरओ सुमित कुमार ने भी कहा कि शिकायतकर्ता को कई बार जांच के लिए बुलाया गया था, लेकिन उससे किसी तरह की बदसलूकी नहीं की गई।

Exit mobile version