Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पति पत्नी बेटे ने कमरे में किया सुसाइड…बेटे ने देखा तो पंखे से लटके मिले दोनों शव

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। धारूहेड़ा थाना क्षेत्र के गांव राजपुरा अलमगीरपुर खतावाली में पति-पत्नी ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल भिजवाया।

मृतकों की पहचान 50 वर्षीय अशोक कुमार और उनकी 48 वर्षीय पत्नी नीलम के रूप में हुई है। दोनों ने घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में छत पर लगे पंखे के हुक से चुन्नी के सहारे फांसी लगा ली।

धारूहेड़ा थाना प्रभारी कबूल के अनुसार, परिवार के अन्य सदस्य नीचे के हिस्से में रहते थे। शनिवार रात करीब 8:30 बजे उनका बेटा ड्यूटी से घर लौटा और माता-पिता से मिलने ऊपर गया। कमरे में अंधेरा होने पर उसने लाइट जलाई तो दोनों को फंदे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दो बेटे और एक बेटी छोड़ गए

पुलिस के मुताबिक, दंपती के दो बेटे और एक बेटी हैं। अशोक कुमार मजदूरी करते थे और हृदय रोग से भी पीड़ित बताए जा रहे हैं।

नहीं मिला सुसाइड नोट, वजह अब भी रहस्य

पुलिस ने मौके की जांच के दौरान कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं किया। परिजनों ने भी आत्महत्या के पीछे किसी स्पष्ट वजह की जानकारी नहीं दी है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Exit mobile version