हरियाणा के गुरुग्राम में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां 30 वर्षीय महिला की उसके ही पति ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी। मृतका की पहचान रेखा (30) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली की रहने वाली थी और अपने पति गौरव के साथ भांगरौला गांव में रहती थी।
घर से 100 मीटर दूर मिला शव
पुलिस के अनुसार, महिला का खून से लथपथ शव घर से करीब 100 मीटर दूर मुख्य रास्ते पर मिला। घटना की सूचना मिलते ही खेड़की दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।
पति पर हत्या का शक, वारदात के बाद फरार
प्राथमिक जांच में हत्या का शक पति गौरव पर जताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है। पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
परिजनों को दी सूचना, पोस्टमार्टम की तैयारी
पुलिस ने मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की चाकू से गोदकर हत्या की गई है और हर पहलू से जांच की जा रही है।
