हरियाणा के कुरुक्षेत्र के सांवला गांव में हुई 42 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजू की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे कोई और नहीं, बल्कि राजकुमार की पत्नी सुषमा का दो साल पुराना इंस्टाग्राम अफेयर था। पति को अवैध संबंधों की भनक लगने पर रास्ते से हटाने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी।
बीस साल पहले शादी के बंधन में बंधे राजकुमार और सुषमा के दो बच्चे हैं। करीब दो साल पहले दुबई में नौकरी करने वाले मोहित से सुषमा की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी।
यह सोशल मीडिया की दोस्ती धीरे-धीरे प्रेम-संबंधों में बदल गई। जब पति राजू को पत्नी के किसी गैर-पुरुष से घंटों फोन पर बात करने का शक हुआ, तो घर में आए दिन विवाद रहने लगा। परिजनों का आरोप है कि सुषमा और मोहित ने साथ भागने की योजना भी बनाई थी और इसके लिए प्रेमी ने एक साल पहले सुषमा का पासपोर्ट भी बनवाया था।
शातिर आरोपी मोहित ने वारदात को अंजाम देने से पहले पूरे परिवार का विश्वास हासिल किया। उसने राजू की मां के मायके का हवाला देकर उनसे रिश्तेदारी का ढोंग रचा और उन्हें अपनी बहन मान लिया। इसके बाद वह राजू की दुकान पर अक्सर बैठने लगा और उससे दोस्ती कर ली। वह राजू को शराब पिलाने के बहाने अक्सर घर आता-जाता था और इसी दौरान सुषमा से भी मुलाकात करता था।
18 जुलाई की रात लगभग नौ बजे मोहित राजू को अपनी बाइक पर बैठाकर खेतों की तरफ ले गया। खेतों में दोनों ने साथ बैठकर शराब पी। जब राजू अत्यधिक नशे की हालत में आ गया, तब मोहित ने परने से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को गांव के गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे फेंक दिया और मौके से फरार हो गया। अगली सुबह ग्रामीणों ने सड़क किनारे शव देखा और परिजनों को सूचित किया।
थाना सदर थानेसर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पूरे मामले का पर्दाफाश किया। पुलिस ने आरोपी पत्नी सुषमा और उसके प्रेमी मोहित को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने सुषमा को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी मोहित को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस हत्या में इस्तेमाल बाइक और अन्य सुबूत जुटाने में जुटी है।
