Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में घरेलू कलह के चलते पति ने की पत्नी की हत्या; सिर में कुल्हाड़ी मार दिया वारदात को अंजाम

रोहतक के गांव बोहर में पति ने पत्नी के सिर में कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना अर्बन स्टेट पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों के आधार पर आरोपी जीजा के खिलाफ आईपीसी की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर मामले की आगामी कार्रवाई शुरु कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मनीपुर दिल्ली निवासी पूजा की शादी गांव बोहर के सुनील के साथ हुई थी। उनकी 2 बेटियां और एक बेटा है। कई दिन से दंपती में विवाद चल रहा था। बीती रात भी दोनों में झगड़ा हुआ था। इस दौरान पति ने पत्नी के सिर में कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

महिला को खून से लथपथ हालत में तुरंत एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के भाई के बयानों के आधार पर पति के खिलाफ हत्या की धारा 302 के तहत केस दर्ज कर लिया है।

वहीं, जानकारी देते हुए अर्बन स्टेट थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस प्रारंभिक जांच में वारदात का कारण घरेलू विवाद मिला है। मगर असल कारणों का आरोपी के गिरफ्तार होने के बाद ही खुलासा हो पाएगा। पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।

Exit mobile version