फरीदाबाद में करवाचौथ के दिन एक व्यक्ति ने घरेलू विवाद के चलते घर में रखा तेजाब पी लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत बीके अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उसे दिल्ली रेफर कर दिया।
तेजाब पीने वाले व्यक्ति की पहचान नेहरू कॉलोनी निवासी 36 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का काम करता है, जबकि उसकी पत्नी सुमन एक निजी कंपनी में नौकरी करती है। परिजनों के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था और पत्नी कई दिनों से अपने मायके अमृतसर में रह रही थी।
5 दिन से लापता था अमरजीत
परिजनों ने बताया कि अमरजीत करीब पांच दिन पहले घर से चला गया था। उसके वापस नहीं लौटने पर परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे। वीरवार सुबह वह घर वापस लौटा, लेकिन पति-पत्नी के बीच चल रहा मनमुटाव खत्म नहीं हुआ। इसी दौरान उसने घर में रखा तेजाब पी लिया। कुछ देर बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे।
तलाक लेना चाहता था पति, भाई ने बताई विवाद की वजह
अमरजीत के चचेरे भाई सुरेश के मुताबिक, उसका भाई पत्नी से तलाक लेना चाहता था, लेकिन पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। भाई ने बताया कि दोनों के बीच किस बात को लेकर विवाद था, इसकी पूरी जानकारी उन्हें नहीं थी। परिवार की ओर से पत्नी को वापस घर आने के लिए भी कहा गया था।
12 साल पहले हुई थी शादी, दो बच्चे
परिजनों के अनुसार, अमरजीत और सुमन की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। दोनों के दो बच्चे हैं। लंबे समय से चल रहे घरेलू विवाद के चलते पत्नी अमृतसर में रह रही थी।
पुलिस को शिकायत का इंतजार
डबुआ थाना प्रभारी सुमेर के अनुसार, फिलहाल मामले में कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी
