मसूरी-धनोल्टी मार्ग स्थित एक होमस्टे में दिल्ली की 27 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर पी. राधा गायत्री की संदिग्ध मौत मामले में पुलिस ने उनके पति सोमयाजुला श्रीचरण को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में सुद्धोवाला जिला कारागार भेज दिया है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने के कारण मजिस्ट्रेटी जांच और फॉरेंसिक जांच जारी है।
क्या है पूरा मामला?
- 7 महीने पहले हुई थी शादी: आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम की रहने वाली राधा गायत्री गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर थीं। उनकी शादी नवंबर 2025 में पुणे में कार्यरत सॉफ्टवेयर इंजीनियर सोमयाजुला श्रीचरण से हुई थी।
- हनीमून ट्रिप पर पहुंचे थे उत्तराखंड: 13 जून को दोनों उत्तराखंड घूमने पहुंचे और 14 जून की रात मसूरी-धनोल्टी रोड स्थित कियाना होमस्टे में रुके।
- सुबह कमरे में मिला शव: 15 जून की सुबह राधा गायत्री कमरे के फर्श पर अचेत मिलीं। पति के मुताबिक, दोनों ने रात में शराब पी थी और सुबह पत्नी की नाक से खून बहता देख पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर ही उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
- पोस्टमार्टम में नहीं साफ हुई मौत की वजह: कमरे से शराब की खाली बोतलें मिलीं, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। इसी वजह से प्रशासन ने मजिस्ट्रेटी जांच भी शुरू कराई है।
- पिता ने लगाए हत्या और प्रताड़ना के आरोप: मृतका के पिता परुपुदी सुधाकर ने दामाद पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि उनकी बेटी शराब नहीं पीती थी और संभव है कि उसे किसी पेय में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाया गया हो। उन्होंने शादी के बाद मानसिक प्रताड़ना, चरित्र पर शक और पैसों को लेकर दबाव बनाने के आरोप भी लगाए हैं।
- पहले खारिज हुई थी अग्रिम जमानत: आरोपी ने सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत मांगी थी, लेकिन अदालत ने जांच प्रभावित होने की आशंका जताते हुए याचिका खारिज कर दी। इसके बाद पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच कहां तक पहुंची?
पुलिस सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल, फॉरेंसिक साक्ष्य और घटनास्थल से मिले सामान की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
जन्मदिन से पहले उजड़ गया परिवार
राधा गायत्री 18 जून को अपने पति के साथ विशाखापट्टनम पहुंचने वाली थीं। 19 जून को उनके पिता और सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी परुपुदी सुधाकर का 60वां जन्मदिन था। परिवार नए खरीदे गए फ्लैट में गृह प्रवेश की तैयारी कर रहा था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया।

