सोनीपत के आर्यनगर का रहने वाला वंश सोनीपत के सैनी मॉडर्न स्कूल में 10 वी कक्षा का छात्र था और कल उसने घर आकर फांसी का फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। परिजनों का आरोप है कि वंश की टीचर ने उसकी बेरहमी से पिटाई की है और उसी से आहत होकर वंश ने ये कदम उठाया है। यह बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर वंश की टीचर ने उसकी बेरहमी से पिटाई की और उसने घर आकर फांसी लगा ली। वंश बहुत डरा हुआ था। परिजनों ने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि टीचर के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो और उसकी गिरफ्तारी हो। परिजनों ने टीचर की गिरफ्तारी तक शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।
वंश के मामा पवन ने बताया कि उसका पैर फिसल गया था और उसका हाथ बोर्ड पर लगी पेंटिंग पर चला गया तो इससे बोर्ड पर की गई ड्राइंग मिट गई। टीचर सीमा सैनी ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी और पिटाई से आहत होकर उसने सुसाइड किया और उसने सुसाइड नोट में लिखा कि मां पापा मैं दोबारा आऊंगा।
वंश ने आत्महत्या करने से पहले सुसाइड नोट भी लिखा। पैंसिल से उसने लिखा है कि ‘आज मैं 7/09/24 को मरा हूं। मेरी प्यारी मां और मेरे प्यारे भाई मैं अब तुम्हारे बीच नहीं रहा। कृपया करके मुझे माफ कर देना…धन्यवाद। मेरी प्यार मां रोना मत। मैं परमात्मा के दर्शन करने जा रहा हूं। तुम्हारे बीच जल्दी आउंगा’।
वहीं इस मामले की जानकारी देते हुए सब इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि आर्यनगर के रहने वाले वंश नाम के एक बच्चे ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की है और उसको लेकर आज उसका पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी होगा। उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

