हरियाणा के रोहतक जिले में मकान के अंदर रखी हुई अवैध शराब को पुलिस ने छापेमारी कर काबू किया। पुलिस ने मामले में मकान मालिक नरेश के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की। मौके पर पहुंची आबकारी विभाग की इंस्पेक्टर रीना नरवाल ने रिपोर्ट तैयार करते हुए कार्रवाई की।
आर्य नगर पुलिस को सूचना मिली कि गांधी नगर स्थित नरेश के मकान में अवैध रूप से शराब रखी हुई है। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी करते हुए नरेश के मकान में अवैध रूप से रखी शराब को जब्त किया। पुलिस ने मामले में आबकारी विभाग की इंस्पेक्टर रीना नरवाल की रिपोर्ट के आधार पर मकान मालिक नरेश व मुकेश के खिलाफ केस दर्ज किया।
अवैध रूप से पकड़ी शराब की बोतलें आर्य नगर पुलिस ने छापेमारी के दौरान नरेश व मुकेश के मकान से 57 बोतल, 48 अध्धे व 20 पव्वे बरामद किए। इनमें वोदका मैजिक मोमेंट के 19 अध्धे व 8 बोतल, रॉयल स्टेज के 8 अध्धे, 14 बोतल व 20 पव्वे, रॉयल चैलेंज की 10 बोतल, बी7 की 10 बोतल, ऑल सीजन के 21 अध्धे, 8 बोतल, ओसी ब्लू की 7 बोतल शामिल है।
आबकारी विभाग की इंस्पेक्टर रीना नरवाल ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की थी, जिसके चलते अवैध शराब को बरामद किया गया है। आरोपियों ने अपने घर में ही शराब की बोतल छुपा रखी थी। आरोपी शराब की बोतलों को कहां से लाता और कहां बेचता था, इसको लेकर जांच की जा रही है।
जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि मकान के अंदर अवैध शराब की बोतलें मिली है। इस मामले में आरोपी नरेश व मुकेश से पूछताछ की जा रही है। शराब की बोतलों के साथ आरोपियों को पकड़ा गया है। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

