Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक कांग्रेस नेत्री हिमानी नरवाल हत्याकांड: शादीशुदा व 2 बच्चों का बाप है हत्यारोपी, फेसबुक पर हुई थी दोस्ती, चार्जिंग केबल से गला दबा की हत्या

रोहतक के कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल की हत्या की गुत्थी सुलझ गई है। हिमानी की हत्या उसके दोस्त ने मोबाइल के चार्जर से गला घोंटकर की थी। झज्जर के खेरपुर गांव में रहने वाले 30 साल के सचिन उर्फ ढिल्लू की मोबाइल शॉप है। एक साल पहले उसकी फेसबुक पर कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल से दोस्ती हुई थी।

सचिन 27 फरवरी की रात हिमानी के रोहतक के विजयनगर स्थित घर में ही रुका था। रात में दोनों में किसी बात पर झगड़ा हुआ। इसके बाद उसने हिमानी को मार डाला।सचिन ने पहले हिमानी के हाथ चुन्नी से बांधे, फिर मोबाइल चार्जर की केबल से उसका गला घोंट दिया और शव को सूटकेस में बंद कर दिया।

हाथापाई के दौरान आरोपी के हाथों पर भी चोटें आई थी, जिससे खून रजाई पर लग गया था। इस कारण सचिन ने रजाई का कवर उतारकर उसे भी सूटकेस में शव के साथ ही पैक कर दिया।सचिन हिमानी की अंगूठियां, सोने की चेन, मोबाइल, लैपटॉप व अन्य आभूषण एक बैग में डालकर हिमानी की ही स्कूटी लेकर अपनी दु‌कान पर चला गया था।

इसके बाद आरोपी शव को ठिकाने लगाने के लिए रात 10 बजे वापस विजयनगर आया और स्कूटी को घर पर खड़ा करके ऑटो से सूटकेस में शव लेकर दिल्ली बाईपास रोहतक पहुंचा और वहां से बस में बैठकर सांपला चला गया।सांपला बस स्टैंड के पास सूटकेस में रखे शव को झाड़ियों में फेंक कर फरार हो गया। यह जानकारी ADGP रोहतक केके राव ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी।

ADGP ने बताया कि हिमानी घर पर अकेली रहती थी। उसका परिवार दिल्ली में रहता है। सचिन पहले भी हिमानी के घर पर आता रहता था। इससे पहले रविवार को हिमानी की मां सविता ने दावा किया था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा के प्रोग्राम में हिमानी को शामिल होना था। इसके बाद बेटी लापता हो गई और 1 मार्च को उसका शव सांपला के पास सूटकेस में मिला।इन आरोपों के बाद हिमानी नरवाल की मां की अनुमति मिलने पर पुलिस ने रविवार शाम शव का पोस्टमॉर्टम कराया, लेकिन परिवार ने डेडबॉडी लेने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को रोहतक PGI की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। उधर, पूर्व CM भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा का कहना था कि 28 फरवरी को कांठवाड़ी में उनका कोई कार्यक्रम ही नहीं था।

आपको बता दे शनिवार (1 मार्च) को विजयनगर कॉलोनी की रहने वाली कांग्रेस नेता हिमानी नरवाल का शव सांपला बस स्टैंड के निकट फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में मिला था। पहचान न होने पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम हाउस भेज दिया था।

बेटी के मर्डर की सूचना मिलने पर रविवार दोपहर उसकी मां सविता पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचीं। यहां उसने हत्यारों की गिरफ्तारी न होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। इसके अलावा आरोप लगाया था कि कांग्रेस से जुड़े कुछ लोगों ने कम उम्र में उसकी बढ़ती लोकप्रियता से जलकर हिमानी की हत्या की है।

Exit mobile version