Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में दिन गर्म- रातें ठंडी:उत्तर-पश्चिम हवाएं चलने के आसार, 3 जिलों में 17 डिग्री तक पहुंचा पारा

हरियाणा में उत्तर-पश्चिमी हवाओं से तापमान में लगातार चौथे दिन भी गिरावट दर्ज की गई है। इस कारण हिसार, महेंद्रगढ़ और फरीदाबाद में तापमान 17 डिग्री के करीब पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि दोपहर के समय 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम हवाएं चल सकती हैं इससे अधिकतम तापमान भी सामान्य से 1 से 2 डिग्री तक कम रह सकता है।

बता दें कि, हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के कारण अक्टूबर के 9 दिनों में करीब 30 एमएम बारिश हो चुकी है। आमतौर पर इस दौरान 4 एमएम बारिश होती है, मगर इस बार 649 प्रतिशत अधिक बारिश हुई है। इससे पहले 2004 में पूरे अक्टूबर में 58.4 एमएम बारिश हुई थी।

बारिश के कारण हरियाणा के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से नीचे चला गया है। शनिवार को भी प्रदेश में महेंद्रगढ़ की रात सबसे ठंडी रही। यहां रात का तापमान 17.1 डिग्री दर्ज किया गया है। रात के समय ठंडक महसूस होने से कूलर व एसी लोगों ने बंद कर दिए हैं।

प्रदेश में पिछले दिनों लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से अधिक वर्षा हो रही थी। वहीं अब मौसम खुश्क रहने लगा है। जिससे प्रदेश के उत्तरी, पूर्वी जिलों के साथ तकरीबन सभी जिलों में रात्रि तापमान में गिरावट आ रही है।

पंजाब से सटे इलाकों में भी मौसम सामान्य बना हुआ है। सिरसा का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस है। वहीं न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। फतेहाबाद का अधिकतम तापमान भी 31.1 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। वहीं न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस पर है।

Exit mobile version