रोहतक में आयुष्मान योजना के तहत इलाज करने वाले 35 अस्पतालों का लगभग 25 करोड़ रुपए अप्रैल से अगस्त तक बकाया है, लेकिन सरकार ने अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के सदस्यों ने कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा को ज्ञापन देकर बकाया राशि जल्द जारी करने की मांग की।
IMA की जिला प्रधान डॉ. आरती साहू ने बताया कि 28 जुलाई को उन्होंने सरकार को नोटिस भेजकर हड़ताल की चेतावनी दी थी, लेकिन सरकार ने भुगतान नहीं किया। इसलिए 7 अगस्त से IMA ने आयुष्मान योजना की सेवाएं बंद कर दी हैं।
डॉ. साहू ने कहा कि सरकार ने वादा किया था कि 15–20 दिन में पेमेंट कर दी जाएगी, लेकिन अब तीन-चार महीने हो गए और सिर्फ मार्च तक की पेमेंट ही जारी हुई है। अप्रैल से अगस्त तक की पेमेंट अभी भी बकाया है।
डॉ. आरती साहू ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत 2018 से लेकर अब तक रेट रिवाइज नहीं किए गए, जबकि महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। दवाइयां भी महंगी होती जा रही हैं। स्टाफ की सैलरी बढ़ती है। ऐसे में सरकार को योजना के तहत रेट भी महंगाई के हिसाब से रिवाइज करने चाहिए
डॉ. आरती ने कहा कि सरकार की तरफ से भुगतान में देरी, मनमाने ढंग से कटौतियां व अस्पतालों पर उत्पीड़न की कार्रवाई करना चिंताजनक है। इसका असर गरीब मरीजों पर पड़ रहा है, जो इस योजना से अपनी जिंदगी बचाने का प्रयास करते है। सरकार की गरीब मरीजों की तरफ ध्यान देना चाहिए।
डॉ. आरती साहू ने कहा कि विधायक को उनकी आवाज विधानसभा के मानसून सत्र में उठानी चाहिए, ताकि सरकार को डॉक्टरों की बात समझ में आए। साथ ही जिन मरीजों को इस योजना के तहत अच्छा इलाज मिल सकता है, उन्हें भी राहत मिल सके।
कांग्रेस विधायक भारत भूषण बतरा ने कहा कि डॉक्टरों की न्याय संगत मांगों का समर्थन करते हैं और उनकी बात को विधानसभा में उठाया जाएगा, ताकि गरीबों को अच्छा इलाज मिल सके। सरकार से इस मामले में जवाब मांगा जाएगा, ताकि डॉक्टरों को आ रही परेशानी दूर हो सके।
