हरियाणा के सिरसा जिले में गुरुवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। ऐलनाबाद से वाया डबवाली रूट पर चल रही एक प्राइवेट बस की चपेट में आने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि महिला का सिर बस के टायर के नीचे आने से बुरी तरह कुचल गया, जबकि शरीर का बड़ा हिस्सा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा जीवन नगर से कुछ दूरी पर स्थित रंधावा पैलेस के पास हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बस चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया, जिसके बाद बस में सवार यात्री नीचे उतर आए। सड़क से गुजर रहे अन्य वाहन चालक भी घटनास्थल पर रुक गए।
घटना की सूचना मिलते ही रानियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक महिला की पहचान तलवाड़ा खुर्द निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

