पानीपत: हरियाणा के पानीपत में गोयला खेड़ा के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इलेक्ट्रिक बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका 29 वर्षीय चाचा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चाचा-भतीजा करीब 10 मीटर दूर जाकर गिरे। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान गोयला खुर्द निवासी रेहान के रूप में हुई है, जबकि घायल चाचा अजरूद्दीन हैं। हादसा दोपहर करीब 12:30 बजे हुआ।
गैस सिलेंडर लेकर गांव लौट रहे थे चाचा-भतीजा
परिजनों के अनुसार, रेहान अपने चाचा अजरूद्दीन के साथ बाइक पर बापौली से गैस सिलेंडर लेकर गांव लौट रहा था। जब दोनों गोयला खेड़ा के पास पहुंचे तो सामने से आ रही इलेक्ट्रिक बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर दूर जा गिरे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस की रफ्तार काफी तेज थी। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था रेहान
रेहान अपने परिवार में तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था। उसके पिता का नाम शकील है। उसने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी और फिलहाल घर पर रहता था। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
चाचा की हालत गंभीर, बस चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायल अजरूद्दीन को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि रेहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
थाना बापौली के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए शवगृह पहुंचाया गया है। परिजनों की शिकायत और पोस्टमॉर्टम के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

