रोहतक में बुधवार सुबह अनाज मंडी के पीछे एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। युवक पर किसी तेजधार हथियार से हमला किया गया था। पेट से आंतड़ियां तक निकाली हुई थीं और गला भी काटा हुआ था। पास में एक शराब की बोतल और कुछ नमकीन के पैकेट भी पड़े मिले। घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवा दिया है।मृतक की पहचान मोहित (25) के तौर पर हुई है। वह आर्य नगर में ढाबा चलाता था। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसकी हत्या किसने की। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
मोहित के चचेरे भाई गौरव ने बताया कि मेरी किला रोड पर दुकान है। मोहित आर्य नगर में अपने छोटे भाई सचिन के साथ खत्री ढाबा चलाता था। मोहित और सचिन अभी अविवाहित हैं। इनके माता-पिता नहीं हैं। दोनों भाइयों ने आर्य नगर में ही किराए पर कमरा लिया हुआ। मोहित शराब पीने का आदी था। गौरव ने कहा कि मंगलवार रात को मैं अपनी दुकान पर बैठा हुआ था। इसी दौरान गीता मार्केट की तरफ से मोहित आता हुआ दिखाई दिया। उसने शराब पी हुई थी। मोहित ज्यादा नशे में था, इसलिए उसने रोककर उससे बात नहीं की। इसके बाद वह चला गया। मंगलवार को मोहित ढाबे पर भी नहीं गया था। पता चला है कि इसके बाद मोहित ने अनाज मंडी के पीछे ग्राउंड में जाकर शराब पी।
मोहित के छोटे भाई सचिन ने बताया कि कुछ महीने पहले मोहित का हर्षित और बिट़्टू नाम के युवक के साथ झगड़ा हुआ था। इनके बीच मारपीट भी हुई। इसके बाद से हर्षित और बिट्टू मोहित से रंजिश रखने लगे थे। इस दोनों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। शिवाजी कॉलोनी थाना SHO राकेश सैनी ने बताया कि सुबह अनाज मंडी के पीछे एक शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। मौके से शराब की बोतल और नमकीन के पैकेट बरामद हुए थे। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है। थाना, CIA और स्पेशल टास्क फोर्स की 4 टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी हुई हैं।
