Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

करनाल में हाईवे पर हुआ भीषण हादसा: आपस में भिड़ी 5 गाड़ियां; 10 घायल, 1 की मौत

करनाल शहर के सेक्टर-6 के हाईवे पर रात को 5 गाड़ियों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसे में मथुरा निवासी मीना की मौत हो गई है, जिसका आज कल्पना चावला अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। हादसे में घायल हुए लोगों को कल्पना चावला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मृतक के बेटे की शिकायत पर केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, नेशनल हाईवे पर सेक्टर-6 के पास काम चल रहा है, जिसकी वजह से ट्रैफिक स्लो हो गया। एक गाड़ी में बैठा परिवार अपने बच्चों के साथ मनाली से घूमकर वापस अपने घर मथुरा जा रहा था। गाड़ी धीरे हुई तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। ट्रक में गैस सिलेंडर भरे हुए थे। गाड़ी के अंदर बच्चों समेत 6 लोग थे, जो टक्कर लगने के बाद गाड़ी में ही फंस गए।

आस पास के लोगों ने बड़ी मशक्कत के साथ परिवार को बाहर निकाला। लेकिन तब तक गाड़ी में सवार मीना ने दम तोड़ दिया था। गाड़ी के परखच्चे उड़ चुके थे, गाड़ी CNG की थी, जो हादसे के बाद लीक हो गई थी। इसलिए ब्लास्ट होने का भी खतरा था। वहीं ट्रक और गाड़ी की टक्कर के बाद पीछे से आ रही गाड़ियों की ब्रेक भी नहीं लगी और ट्रक में एक गाड़ी पीछे जा घुसी। इसमें बैठा परिवार गन्नौर जा रहा था, जो घायल हो गया।

इंस्पेक्टर जितेंद्र ढिल्लो से मिली जानकारी के अनुसार ट्रक चालक के खिलाफ मृतका के बेटे की शिकायत पर केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

मथुरा निवासी निखिल से मिली जानकारी के अनुसार वह बिरला सॉफ्ट कंपनी ग्रेटर नोएडा उत्तर प्रदेश में कार्यरत है। 6 जनवरी को वह पिता श्याम सुंदर, माता मीना, पत्नी मंजू व दो बच्चे प्रवर्त व ध्रुव को किराए की गाड़ी नंबर HR-55-AJ-4878 मार्का आर्टिका में मनाली घूमाने ले गए थे। गाड़ी का चालक विरेन्द्र गांव कुसावली जिला मेरठ ड्राइवर था। वह उन्हें 11 जनवरी को मनाली से लेकर वापस मथुरा लौट रहा था। जब वे जीटी रोड से सेक्टर 6 करनाल फ्लाई ओवर पर चढ़े तो पीछे से एक ट्रक चालक आया और जोर से टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही उनकी गाड़ी के आगे जा रही वैगनार कार नंबर HR-69-C-3070 में जा टक्कराई। वैगनार में भी कई सवारियां बैठी थीं। वैगनार गाड़ी आगे जा रही अन्य गाड़ियों में टकराती चली गई। उसी समय उसने ट्रक का नम्बर HR45C-6242 नोट कर लिया। ट्रक में इंडेन कंपनी के गैस सिलेंडर लोड थे। ट्रक चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर भाग गया। हादसे में उसकी दोनों टांगें टूट गई। उसकी माता मीना की मौत हो गई। उसकी पत्नी, पिताजी व बच्चों को भी काफी चोटें लगी। राहगीरों ने मौके पर एंबुलेंस बुलाकर उन्हें कल्पना चावला में उपचार के लिए भर्ती करवाया।

Exit mobile version