Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रेवाड़ी में भीषण हादसा- सेंट्रो की टक्कर के बाद पेड़ से टकराई आई-20 कार; एक की मौत, अन्य घायल

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कोसली कस्बा में एक तेज रफ्तार सेंट्रो कार ने सामने से आ रही एक आई-20 कार को साइड मार दी। उसके बाद कार असंतुलित होकर सीधे पड़ से जा टकराई, जिसमें आई-20 कार के चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं आरोपी सेंट्रो चालक फरार हो गया। कोसली पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। गुरुवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

मिली जानकारी के अनुसार, रेवाड़ी के गांव जखाला निवासी मनोज व तुंबाहेड़ी निवासी ओमबीर अपनी आई-20 कार से झज्जर से कोसली की तरफ आ रहे थे। तभी गांव मलेशियावास के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार सेंट्रो गाड़ी ने उनकी गाड़ी को साइड मार दी। साइड लगते ही आई-20 कार असंतुलित होकर पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि ओमबीर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत रेवाड़ी स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।

वहीं हादसे के वक्त पीछे स्विफ्ट गाड़ी लेकर आ रहे गांव भूरथला निवासी कर्मबीर ने बताया कि सेंट्रो चालक ने उन्हें भी टक्कर मारने की कोशिश की थी। उसकी गाड़ी की रफ्तार काफी तेज थी, जिसकी वजह से हादसा हुआ और फिर आई-20 कार पेड़ से टकराते ही गाड़ी सहित आरोपी चालक फरार हो गया। कर्मबीर के अनुसार गाड़ी फरीदाबाद नंबर थी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कोसली थाना पुलिस ने ओमबीर के शव को शवगृह में रखवाया और मनोज को उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। स्विफ्ट गाड़ी चालक कर्मबीर की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

Exit mobile version