Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रांची-टाटा हाईवे पर महिलाओं से गुं’डागर्दी, स्कॉर्पियो सवार युवकों ने किया पीछा, कार में तोड़फोड़रांची।

रांची-टाटा हाईवे पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करने वाली एक घटना सामने आई है। मंगलवार दोपहर दशम फॉल थाना क्षेत्र में जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही तीन महिलाओं की कार का स्कॉर्पियो सवार दो युवकों ने कथित रूप से पीछा किया, रास्ता रोका और कार में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी धमकाते, कार का दरवाजा खोलने की कोशिश करते और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, तीन महिलाएं अपने चालक रणवीर सिंह के साथ कार से जमशेदपुर से हजारीबाग जा रही थीं। बुंडू के एक होटल में नाश्ता करने के बाद वे सूर्य मंदिर घूमने गईं। दोपहर करीब 12:27 बजे जैसे ही उनकी कार राष्ट्रीय राजमार्ग पर पहुंची, तेज रफ्तार से आ रही स्कॉर्पियो (जेएच-01-जीएच-4141) ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
महिलाओं का आरोप है कि दुर्घटना में गलती स्कॉर्पियो चालक की थी, लेकिन इसके बावजूद वाहन में सवार दो युवक उनके साथ अभद्र व्यवहार करने लगे। स्थिति को देखते हुए महिलाएं वहां से निकल गईं, लेकिन आरोपी लगातार उनका पीछा करते रहे और कई बार ओवरटेक कर वाहन रोकने की कोशिश की।

पीड़ित महिलाओं के अनुसार, जान बचाने के लिए चालक ने कार को रिवर्स कर दूसरी दिशा में मोड़ दिया, लेकिन आरोपी वहां भी उनका पीछा करते रहे। कुछ दूरी पर स्कॉर्पियो सवार युवकों ने कार को रोक लिया और चालक का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। जब दरवाजा नहीं खुला तो आरोपियों ने पत्थर मारकर ड्राइवर साइड का शीशा तोड़ दिया, जिससे चालक रणवीर सिंह घायल हो गए।
घटना के दौरान महिलाओं ने दोपहर 12:33 बजे डायल-100 पर मदद के लिए कॉल किया। कंट्रोल रूम से सूचना 12:38 बजे रांची पुलिस को भेजी गई। हालांकि पुलिस करीब 12:58 बजे मौके पर पहुंची। तब तक आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।

महिलाओं द्वारा बनाई गई वीडियो और वाहन की पहचान के आधार पर पुलिस ने संबंधित स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है। पुलिस ने आरोपी राजकुमार महतो और सोयब रजा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया है तथा मामले की जांच जारी है।
घटना के समय सूर्य मंदिर से दशम फॉल तक हाईवे पर कहीं भी पुलिस पेट्रोलिंग दिखाई नहीं देने का आरोप लगाया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आम दिनों में हाईवे गश्त कम नजर आती है। वहीं, पीड़ित महिलाओं ने पुलिस की देरी से पहुंचने पर भी सवाल उठाए हैं।
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी के मुताबिक सूचना मिलने के लगभग 20 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने देरी का कारण क्षेत्र का अंदरूनी इलाका होना बताया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Exit mobile version