रोहतक में स्थित अपने निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अभय चौटाला पर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि अभय चौटाला एक पार्टी को लीड कर रहे हैं। लेकिन क्या रोहतक में रैली करके चौटाला सरकार के कांड गिनवाने आएंगे। इनेलो वाले कहते हैं कि पुराने दिन वापस लाएंगे, लेकिन प्रदेश की जनता को चौटाला सरकार वाले पुराने दिनों की जरूरत नहीं है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि अभय चौटाला क्या बताएंगे कि जब चौटाला सरकार थी तो किसान से वादा किया था कि न मीटर होगा और न रीडर होगा। किसान जब कर्जा लेता था तो जीप देखकर खेत छोड़कर भाग जाता था। क्या अभय बताएंगे कि महम में क्या कांड किया था। गांव बैंसी में कौन किसकी वर्दी पहनकर गया था। हम बताएंगे कि जिसके लिए इनेलो ने गोली चलवाई, वो 1600 करोड़ किसने माफ किए।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि इनेलो सरकार के समय कानून व्यवस्था क्या थी, क्या अभय चौटाला बताएंगे। उस समय तो रोहतक की जेल से सरकार चलती थी, क्या यह जनता को बताएंगे। अभय चौटाला बताएंगे कि विधानसभा चुनाव में किसके साथ समझौता किया, कितनी टिकट किसके कहने पर दी। भाजपा व इनेलो दोनों मिले हुए हैं। इनेलो बी टीम है। कभी जेजेपी तो कभी इनेलो प्रॉक्सी बन जाती है।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा से जब कुमारी सैलजा को प्रदेश की कमान देने वाले बीरेंद्र सिंह के बयान पर सवाल पूछा तो भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीरेंद्र सिंह डूमरखां हमारे बड़े भाई है। मैंने उनकी बात का मान किया कि वो रिटायर हो गए, लेकिन मैं न तो रिटायर हूं और न थका हुआ हूं। सैलजा को लेकर कहा कि बीरेंद्र सिंह ने जो बोला, वो उनकी बात है, लेकिन मैं रिटायर नहीं हूं।
विपक्ष का नेता न बनने को लेकर पूछे सवाल के जवाब में भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि विपक्ष का नेता है ना। विधानसभा में हमारे 37 विधायक नहीं देखे क्या। सरकार को मजबूर किया कानून व्यवस्था पर जवाब देने के लिए। 6 बार कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को विवश किया। विधानसभा में मजबूत विपक्ष है।
भुपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि जब सरकार सैटेलाइट से पराली जलते हुए को देखकर जुर्माना लगा सकती है तो क्या सैटेलाइट से जलभराव नजर नहीं आ रहा। रोहतक से करीब डेढ़ लाख किसानों ने आवेदन किया है। अब कह रहे है कि हमारे पास पटवारी नहीं है। कब पटवारी होंगे और कब गिरदावरी करवाएंगे। बीमा कंपनियां तो मुनाफा कमा रही है।
भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि पीरबोधी का मामला विधानसभा में उठाया था। जिस पर सीएम नायब सैनी ने कहा कि किसी प्रकार का कब्जा होने नहीं देंगे। लेकिन पीरबोधी पर कब्जा हो रहा है और कांग्रेस पीरबोधी पर कब्जा होने नहीं देगी। इसके बारे में डीसी को भी बोल दिया है कि पीरबोधी पर कब्जा होने नहीं देंगे।
