Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में मेयरों का मानदेय 30 हजार हुआ, निकायों को ₹587 करोड़ मिले:10 मेयर समेत 725 निकाय प्रतिनिधियों ने शपथ ली

हरियाणा में नए चुने गए 10 नगर निगमों के मेयर, 28 नगर पालिका-परिषद के प्रधान और 687 वार्डों के पार्षदों-सदस्यों को मंगलवार (25 मार्च) को पंचकूला में शपथ दिलाई गई। सबसे पहले अंबाला उपचुनाव में मेयर बनीं शैलजा सचदेवा ने शपथ ली। इसके बाद 7 नगर निगमों के मेयरों के साथ वार्ड पार्षदों का शपथ ग्रहण हुआ।

फिर सोनीपत निगम उपचुनाव में विजयी मेयर राजीव जैन ने शपथ ली। इनके बाद नगर परिषद, नगर पालिकाओं के प्रधान और पार्षदों को शपथ दिलाई गई। आखिर में उपचुनाव में विजयी प्रधान और पार्षदों का शपथ ग्रहण हुआ।

मुख्यमंत्री सैनी ने इस दौरान निकायों के लिए 587 करोड़ रुपए की राशि भी जारी की। साथ ही नगर पालिका की सेवाओं को और सुगम बनाने के लिए ई-समाधान ऐप, अर्बन कनेक्ट ऐप और निकायों से जुड़ी वेबसाइट लॉन्च की गईं। कार्यक्रम में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने मेयर का मानदेय बढ़ाने की घोषणा की।

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने बताया- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेयर का 30 हजार, सीनियर डिप्टी मेयर का 25 हजार और डिप्टी मेयर का 20 हजार मानदेय किया है। इसी तरह नगर परिषद प्रधान का 18 हजार, नगर पालिका प्रधान 15 हजार, उप प्रधान का 12 हजार मासिक मानदेय किया गया है। पार्षदों का भी मानदेय बढ़ाया गया है।

10 नगर निगमों के मेयर ने इस क्रम में ली शपथ, 9 भाजपा, 1 निर्दलीय..

1.अंबाला से भाजपा की मेयर शैलजा सचदेवा

2. यमुनानगर से भाजपा मेयर सुमन बहमनी

3. करनाल से भाजपा मेयर रेणुबाला गुप्ता

4. पानीपत से भाजपा मेयर कोमल सैनी

5. फरीदाबाद से भाजपा मेयर प्रवीन जोशी

6. गुरुग्राम से भाजपा मेयर राज रानी मल्होत्रा

7. मानेसर से निर्दलीय मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव

8. हिसार से भाजपा मेयर प्रवीन पोपली

9. रोहतक से भाजपा मेयर रामअवतार वाल्मीकि

10. सोनीपत से भाजपा मेयर राजीव जैन

नायब सैनी ने कहा- मैं आप लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि आपको हम कोई कमी नहीं आने देंगे। हमने संबंधित नगर निगमों को अपने क्षेत्र में MC फंड 10 करोड़ रुपए, नगर परिषद और पालिकाओं को ढाई करोड़ रुपए के विकास कार्य कराने की शक्तियां दी हैं। हमने ये फैसला किया है कि वार्ड सचिवों के नहीं होने पर संबंधित पार्षद किसी भी ग्रेजुएट युवा को बैठक में कार्यवाही के लिए बुला सकता है। ये हमने प्रावधान किया है।

इस कार्य के लिए आप किसी ग्रेजुएट युवा को बुलाते हैं तो उसको एक हजार रुपए देने का भी हमने निर्णय किया है। हमने पार्षद को हर तिमाही बैठक के लिए 1600 रुपए देने का फैसला किया है। चेयरमैन के लिए हर तिमाही बैठक के लिए 3 हजार रुपए देने का फैसला किया है।

हमारी सरकार ने ये भी फैसला किया है कि गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस या सीएम का कोई कार्यक्रम हो रहा है तो उस कार्यक्रम के लिए नगर परिषद को 20 हजार और नगर पालिका को 10 हजार रुपए दिए जाएंगे।

मैं मुख्यमंत्री के रूप में हरियाणा के हर नागरिक के साथ हूं। प्रदेश के विकास के लिए मैं आपके सहयोग के लिए हमेशा तैयार रहूंगा।

Exit mobile version