फतेहाबाद में पुलिस द्वारा चलाए गए सीलिंग प्लान के दौरान विवाद हो गया। भगवान परशुराम चौक पर एक ट्रैफिक पुलिस के होमगार्ड जवान पर बाइक सवार को रोकने के दौरान थप्पड़ जड़ने का आरोप लगा है। युवक का कहना है कि थप्पड़ लगने से उसकी बाइक कार से भी टकरा गई और पीछे बैठी लड़की गिर गई।
कालिदास कॉलोनी निवासी अजय दहिया ने बताया कि वह अपनी बहन को बाइक पर बैठाकर अस्पताल में जा रहा था। जैसे ही वह बीघड़ मोड पर भगवान परशुराम चौक पर पहुंचे तो ट्रैफिक पुलिस के एक जवान ने उन्हें रुकने का इशारा किया। सामने से कार आ रही थी इसलिए उसने बाइक साइड में रोकने के लिए थोड़ा आगे गया, इतने में पीछे से होमगार्ड जवान ने आकर उसे थप्पड़ मार दिया।
थप्पड़ लगने पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर कार से जा लगी और बाइक पर बैठी बहन सड़क पर गिर गई।
अजय ने बताया कि उसकी बाइक को इंपाउंड भी कर लिया गया, जिस पर उन्होंने रोष जताया। वहीं सुनील नामक एक व्यक्ति वहां से गुजर रहा था तो उसका बाइक भी इंपाउंड कर दिया गया। सुनील ने बताया कि वह बिजली निगम में काम करता है और कार्यालय जाने के लिए लेट हो रहा था। इसलिए भूलवश वह रॉन्ग साइड चल रहा था। उसके सभी कागजात पूरे थे। इसके बावजूद उसका बाइक इंपाउंड कर 10500 का चालान काट दिया गया।
वहीं ट्रैफिक पुलिस के सब इंस्पेक्टर शिव कुमार ने बताया कि थप्पड़ मारने के आरोप गलत हैं। होमगार्ड ने बुलेट बाइक को रुकने का इशारा किया, बाइक ना रोकने पर पीछा कर गर्दन पर हाथ रख कर रोका था। वहीं बिजली घर में काम करने वाले युवक के मामले में उन्होंने बताया कि युवक पूरे कागजात पेश नहीं कर पाया था।
