सिरसा कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान सामने आई है। सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को खुली चुनौती दी है। सेतिया ने कहा कि अगर बृजेंद्र सिंह में दम है तो वह सिरसा विधानसभा क्षेत्र में कार्यक्रम करके दिखाएं।
गोकुल सेतिया ने कहा कि अगर बृजेंद्र सिंह सिरसा में बड़ा कार्यक्रम करते हैं तो वह उनके विधानसभा क्षेत्र उचाना में उससे 100 गुना बड़ा कार्यक्रम करने को तैयार हैं। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक दखलंदाजी को लेकर भी नाराजगी जताई।
9 अगस्त के कार्यक्रम को लेकर बढ़ा विवाद
दरअसल, 9 अगस्त को सिरसा में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन प्रस्तावित है। इसमें पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह को मुख्य अतिथि के तौर पर बुलाया गया है। इसी कार्यक्रम को लेकर गोकुल सेतिया ने सवाल उठाए हैं।
सेतिया के बयान के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और राजनीतिक खींचतान एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
जिला अध्यक्ष को बदलने की मांग
गोकुल सेतिया ने सिरसा जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बेनीवाल को बदलने की मांग भी उठाई है। उन्होंने संगठन के कामकाज को लेकर सवाल खड़े किए हैं और पार्टी के भीतर राजनीतिक गतिविधियों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है।
वहीं, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने विवाद को शांत करने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस एक बड़ा परिवार है और पार्टी में गुटबाजी के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में सभी विधायकों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
अब निगाहें 9 अगस्त के कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन पर टिकी हैं। गोकुल सेतिया की खुली चुनौती के बाद सवाल यही है कि बृजेंद्र सिंह के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस के भीतर की यह खींचतान आगे क्या रंग दिखाती है।
