Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

सोनीपत कोर्ट के बाहर हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या:पेशी पर आया था युवक, बदमाशों ने गाड़ी से टक्कर मार बरसाईं गोलियां; 25 से ज्यादा केस दर्ज

हरियाणा के सोनीपत में शनिवार को खरखौदा कोर्ट के बाहर एक हिस्ट्रीशीटर की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। युवक पेशी के लिए आया था। यहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में गाड़ी से युवक की गाड़ी को टक्कर मारकर उसे रोका और फिर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान झज्जर के दूबलधन गांव निवासी नीरज उर्फ कातिया के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक नीरज पर दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में हत्या, रंगदारी, अपहरण और आर्म्स एक्ट समेत 25 से ज्यादा केस दर्ज थे।

नीरज उर्फ कातिया फिलहाल गुरुग्राम के सेक्टर-37C में रहता था। पुलिस के मुताबिक, नीरज की पत्नी नीतू ने उस पर 2019 में घरेजू हिंसा, दहेज और मारपीट का केस दर्ज कराया था। इसी केस की पेशी के लिए नीरज शनिवार को खरखौदा कोर्ट पहुंचा था।

पुलिस जांच में पता चला है कि जैसे ही नीरज कोर्ट से निकलकर SDM ऑफिस के पास पहुंचा तो 3-4 हमलावरों ने उसकी गाड़ी पर हमला कर दिया। हमलावर एक ब्रेजा गाड़ी में आए थे। उन्होंने पहले नीरज की गाड़ी को टक्कर मारकर रोका और फिर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

हमलावरों ने नीरज के सिर और मुंह पर कई गोलियां मारीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हमला इतनी जल्दी हुआ कि आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर भाग गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हमलावरों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

शुरुआती जांच में पुलिस को लग रहा है कि यह हत्या पुरानी रंजिश या आपसी झगड़े की वजह से हुई है। जिस तरह से हमलावरों ने योजना बनाकर हमला किया, उससे लगता है कि हत्या की साजिश पहले से ही रची गई थी। पुलिस हमलावरों की तलाश कर रही है और मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version