हरियाणा के हिसार जिले के बाडोपट्टी टोल प्लाजा पर टोल मैनेजर संजय शुक्ला की स्कॉर्पियो से कुचलकर की गई हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट और ऑडियो में लॉरेंस गैंग से जुड़े लोगों ने इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि पुलिस अभी इस पोस्ट और ऑडियो की सत्यता की जांच कर रही है।

मंगलवार रात हुई इस वारदात में टोल मैनेजर संजय शुक्ला की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी।

सोशल मीडिया पोस्ट में ली हत्या की जिम्मेदारी

अनिल पंडित नाम के सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की गई पोस्ट में दावा किया गया है कि टोल मैनेजर संजय शुक्ला की हत्या की जिम्मेदारी अनिल पंडित, हरमन संधू, आरडी धालीवाल और हरि बॉक्सर लेते हैं। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि संजय उनके दुश्मनों की मदद करता था और समझाने के बावजूद नहीं माना, इसलिए उसे मार दिया गया।

पोस्ट में यह भी धमकी दी गई कि जो भी उनके विरोधियों का साथ देगा, उसका अंजाम भी ऐसा ही होगा।

ऑडियो में दी गई खुली चेतावनी

पोस्ट के साथ साझा ऑडियो में बोलने वाला व्यक्ति खुद को अनिल पंडित बताते हुए कहता है कि संजय शुक्ला उनके दुश्मनों को आर्थिक मदद करता था। ऑडियो में दावा किया गया कि उसे पहले समझाया गया था, लेकिन नहीं मानने पर उसे “जिंदगी से एग्जिट” कर दिया गया।

साथ ही अन्य लोगों को भी चेतावनी दी गई कि यदि कोई उनके दुश्मनों का साथ देगा तो उसके साथ भी ऐसा ही होगा।

शराब के नशे में टोल पर पहुंचे थे आरोपी

टोल कर्मचारी रूपेश मौर्य के अनुसार, मंगलवार रात एक काली स्कॉर्पियो हिसार की ओर से टोल प्लाजा पर पहुंची। गाड़ी में सवार युवक शराब के नशे में थे। जब उनसे 130 रुपए टोल शुल्क मांगा गया तो उन्होंने खुद को स्थानीय निवासी बताते हुए भुगतान करने से इनकार कर दिया।

विवाद बढ़ने पर युवकों ने बैरियर हटाकर गाड़ी आगे बढ़ा दी।

लाठी-डंडों से हमला, फिर स्कॉर्पियो से कुचला

रूपेश के मुताबिक, कुछ दूरी पर गाड़ी रोकने के बाद आरोपी युवकों और टोल मैनेजर संजय शुक्ला के बीच बहस हुई। इसके बाद 4-5 युवक गाड़ी से उतरे और लाठी-डंडों से संजय पर हमला कर दिया।

जब अन्य कर्मचारी बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो आरोपियों ने स्कॉर्पियो को तेजी से बैक किया और संजय के ऊपर चढ़ा दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

एक आरोपी गिरफ्तार, चार की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में बहबलपुर निवासी मनोज उर्फ फिल्मी को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर कृष्ण कुमार के अनुसार, आरोपियों ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो खेदड़ गांव निवासी जयपाल से ढाई हजार रुपए प्रतिदिन के हिसाब से किराए पर ली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले आरोपी इसी गाड़ी से पहाड़ी क्षेत्रों में घूमने भी गए थे।

परिजनों ने रखी दो मांगें

मृतक संजय शुक्ला के परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। परिवार की मांग है कि:

टोल कंपनी मृतक के परिवार को 20 लाख रुपए मुआवजा दे।

मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

बीमा क्लेम और अन्य आर्थिक सहायता तुरंत उपलब्ध कराई जाए।

परिजनों का कहना है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।

YouTube
YouTube
Set Youtube Channel ID
WhatsApp
error: Content is protected !!