व्यापारियों से कथित तौर पर मंथली मांगने और रकम देने से इनकार करने पर दो भाइयों के घर में घुसकर हमला करने के मामले में सिविल लाइन थाना पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को पुलिस आरोपियों के सिर मुंडवाकर उन्हें वारदात स्थल पर निशानदेही के लिए पैदल लेकर गई। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल उर्फ गोल्डन, मोहित उर्फ रोज, काकू उर्फ मंगल, मोहित उर्फ भैया और आकाश के रूप में हुई है।
पुलिस आरोपियों को थाने से मेन रोड होते हुए करीब 200 मीटर अंदर उस स्थान तक लेकर गई, जहां दोनों भाइयों पर हमला किया गया था। आरोपियों से पूछताछ के बाद वारदात से संबंधित स्थानों और घटनाक्रम की निशानदेही करवाई गई। आरोपियों के सिर मुंडे हुए थे और पैदल चलते समय कुछ आरोपी लंगड़ाते नजर आए।
सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें 5-6 युवक गंडासे, लोहे की रॉड और चाकू लेकर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में युवक दोनों भाइयों पर हमला करते नजर आ रहे हैं। पटेल नगर निवासी सुनील (40) और सोनू (38) घर के पास किराना स्टोर चलाते हैं। परिवार के अनुसार, दोनों भाइयों से पिछले कुछ समय से मंथली देने की मांग की जा रही थी।
अस्पताल में भर्ती सोनू ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि कुछ युवक पिछले 3-4 महीने से उन्हें परेशान कर रहे थे और हर महीने तीन लाख रुपये की मांग कर रहे थे। परिवार के अनुसार, बुधवार शाम भी फोन कर रकम देने का दबाव बनाया गया था। सोनू ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे दोनों भाई कार में बैठे थे, तभी 5-6 युवकों ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि सोनू के सिर और हाथ पर गंडासे व लाठियों से वार किए गए, जबकि सुनील के पेट में चाकू और गंडासे से हमला किया गया। सुनील की हालत गंभीर बताई जा रही है।
