Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

रोहतक में तेज रफ़्तार का कहर :पिकअप की टक्कर से स्कूटी सवार की मौत

रोहतक से गुजर रहे हिसार-दिल्ली रोड पर बलंभा मोड़ के नजदीक स्कूटी सवार को पिकअप ने टक्कर मार दी। हादसे में घायल स्कूटी सवार की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब स्कूटी सवार किसी काम के चलते भिवानी जिले के गांव धनाना से रोहतक आ रहा था।

गांव बहु जमालपुर निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका साला जिला भिवानी के गांव धनाना निवासी करीब 28 वर्षीय कृष्ण हलवाई का काम करता है। रविवार रात को कृष्ण अपनी स्कूटी पर सवार होकर गांव धनाना से किसी काम के लिए रोहतक आ रहा था।

जब वह हिसार-दिल्ली रोड पर गांव बलंभा मोड़ के नजदीक पहुंचे तो पिछले से एक पिकअप आई, जो काफी तेज रफ्तार में था। पिकअप चालक ने लापरवाही से ड्राइविंग करते हुए कृष्ण को टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर लगने से कृष्ण स्कूटी सहित गिर गया। कृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया।

वहीं पिकअप चालक हादसे को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। वहीं घटनास्थल पर राहगीरों की भी भीड़ एकत्रित होने लगी। घायल को उपचार के लिए महम के सरकारी अस्पताल में लेकर जाया गया, वहां से चिकित्सकों ने कृष्ण को गंभीर हालत देखते हुए रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में चिकित्सकों ने कृष्ण को मृत घोषित कर दिया।

जांच अधिकारी ने बताया कि पिकअप की टक्कर से धनाना निवासी स्कूटी सवार कृष्ण की मौत होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचकर जांच की। शिकायत के आधार पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज करके शव को पोस्टमार्टम के बाद सौंप दिया।

Exit mobile version