Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

पानीपत में तेज रफ्तार का कहर :कैंटर की टक्कर से युवक की मौत,बाइक पर करनाल से दिल्ली जा रहा था; दोस्त की आंखों के सामने हुआ हादसा

पानीपत में तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक चालक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से कैंटर समेत फरार हो गया। वहीं, घायल युवक को तुरंत सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसा, मृतक के दोस्त की आंखों के सामने हुआ। दोनों दोस्त अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर करनाल से वापस दिल्ली जा रहे थे। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोस्त की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में प्रदीप कुमार ने बताया कि वह गामड़ी एक्सटेंशन उतरी पूर्वी दिल्ली-53 का रहने वाला है। 7 मई को वो और उसका दोस्त पंकज कुमार अपनी-अपनी बाइक पर सवार होकर करनाल से दिल्ली जाने के लिए निकले थे।

दोनों ने रास्ते में ग्रेट खली ढाबा पर खाना खाया। यहां से फिर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। दोनों आगे-पीछे चल रहे थे। जब वे पानीपत में GT रोड पर लाल बत्ती चौक के नजदीक पहुंचे तो वहां एक तेज रफ्तार कैंटर चालक आया। जिसने पंकज की बाइक को साइड मार दी।

जिससे पंकज बाइक समेत नीचे गिर गया। नीचे गिरने के बाद पंकज के सिर पर गहरी गंभीर चोटें आई। हादसे के बाद आरोपी कैंटर समेत फरार हो गया। राहगीरों की मदद से पंकज को सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

Exit mobile version