दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत के बाद हरियाणा में हाई अलर्ट है। गुरुग्राम समेत NCR में आने वाले जिलों में सिक्योरिटी बढ़ाई गई। सोमवार को रातभर बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, मेट्रो स्टेशन समेत सार्वजनिक स्थानों पर चेकिंग की गई। इसके बाद आज भी चेकिंग जारी है।
पुलिस कर्मचारियों की छुट्टियां कैंसिल कर दी गई हैं। कर्मचारियों और अधिकारियों को कहा गया है कि जिले से बाहर जाने से पहले परमिशन जरूर लें। दिल्ली से सटे झज्जर, गुरुग्राम और सोनीपत जिले के बॉर्डर पर गाड़ियों को चेकिंग के बाद ही एंट्री दी जा रही है।
हरियाणा के DGP ओपी सिंह ने X पर लिखा, “दिल्ली की घटना को लेकर हरियाणा हाई अलर्ट पर है। लोगों से अनुरोध है कि शांत रहें। कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखे तो डायल 112 पर सूचित करें। सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने इलाके में मौजूद हैं। इंटर-स्टेट बॉर्डर पर वाहनों की चेकिंग की जा रही है। पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पार्किंग एरिया, होटल और धर्मशाला की भी चेकिंग की जा रही है। NCR जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है।”
