हरियाणा में लगातार गर्मी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को प्रदेश में सिरसा सबसे गर्म जिला रहा। यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वहीं प्रदेश के तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी दर्ज की गई। जबकि हरियाणा का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस अधिक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए 6 जिलों सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद और रोहतक में हीटवेव (लू) का हाई अलर्ट जारी किया है। वहीं 12 जिले महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, पलवल, मेवात, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद, कैथल और करनाल में यलो अलर्ट जारी किया है। जबकि 4 जिलों पंचकूला, यमुनानगर, अंबाला और कुरुक्षेत्र को ग्रीन जोन में रखा है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 9 अप्रैल तक खुश्क रहने की संभावना है। इस दौरान उत्तर-पश्चिमी और पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने का अनुमान है।
पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 9 अप्रैल रात्रि से मौसम में बदलाव संभावित। इससे राज्य में 10 अप्रैल और 11 अप्रैल को ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादल और कहीं कहीं हवाओं के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। जिससे 12 और 13 अप्रैल को दिन के तापमान में हल्की गिरावट की संभावना है।

