केरल में लगातार हो रही भारी बारिश से हालात काफी बिगड़ गए हैं। राज्य में बाढ़ और लैंडस्लाइड की घटनाओं में अब तक 21 लोगों की मौत हो गई है ,वहीं दर्जनों की संख्या में लोग लापता हैं। मरने वालों में 13 लोग कोट्टायम और आठ लोग इडुक्की के बताए जा रहे हैं।
केरल के छह जिलों में जारी रेड अलर्ट के मद्देनजर, दक्षिणी नौसेना कमान को राहत और बचाव कार्यों में स्थानीय प्रशासन की सहायता के लिए बुलाया गया है। सेना, नौसेना और वायु सेना ने नागरिक प्रशासन को स्थिति से निपटने में मदद करने का भरोसा दिलाया है। एमआई-17 और सारंग हेलीकॉप्टर स्टैंडबाय पर हैं और दक्षिणी वायु कमान के तहत सभी बेस हाई अलर्ट पर रखे गए हैं।
वहीं केरल में बारिश से बिगड़ते हालात के मद्देनजर पीएम मोदी ने भी केरल के मुख्यमंत्री पी विजयन से फोन पर बात की और सभी तरह की मदद का आश्वासन भी दिया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पठानमथिट्टा, कोट्टायम, अलाप्पुझा, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और कोझीकोड जिलों में भारी बारिश के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पंजाब के कुछ हिस्सों के लिए भारी बारिश को लेकर रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने हालात को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि IMD ने अरब सागर के ऊपर बने कम दबाव प्रणाली के कारण राज्य में व्यापक भारी बारिश की चेतावनी दी है। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारी बारिश और बाढ़ के मद्देनजर केरल के कुछ हिस्सों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। केंद्र सरकार जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए हर संभव प्रयास करेगी।

