Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में भारी बारिश की चेतावनी:18 जिलों में अलर्ट घोषित; बिजली गिरने की संभावना, 50 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा में रविवार को कमजोर पड़ा मानसून सोमवार यानी आज से फिर सक्रिय हो गया है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अन्य चार जिलों को येलो अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने इस दौरान बिजली गिरने की भी संभावना जताई है। साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी।

वहीं, प्रदेश में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण उमस भरी गर्मी लोगों के पसीने छुड़ा रही है। 24 घंटे के दौरान सिरसा सबसे गर्म जिला रहा, यहां अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, प्रदेश में न्यूनतम तापमान 25.0 से 31.0 डिग्री के बीच दर्ज किया गया।

हरियाणा के जिन जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, उनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। मौसम विभाग ने इन जिलों में आंधी के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है।

1 से 5 जुलाई के दौरान प्रदेश में अच्छी बारिश की उम्मीद है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जून में प्रदेश में सामान्य बारिश 55.3 मिमी होती है, जबकि इस महीने में मात्र 29.3 मिमी बारिश दर्ज की गई।

Exit mobile version