Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 10 जिलों में तेज बारिश, ओले भी गिरे:घरों में पानी घुसा, तेज हवाएं चल रहीं; 18 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

हरियाणा में गुरुवार रात मौसम ने एक बार फिर करवट ली। शुक्रवार सुबह से जींद, हिसार, रोहतक, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, झज्जर, पानीपत और सोनीपत में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। भिवानी के गिरावड़ गांव में झमाझम ओले भी गिरे।

कई जगह बारिश तड़के 3 बजे ही शुरू हो गई थी। लगातार बारिश से सड़कों पर पानी जमा हो गया है। नारनौल में शनि मंदिर के पास पूरा मोहल्ला ही पानी में डूब गया। करीब 6 साल से बन रहे छलक नाले के कारण ये समस्या पैदा हुई। करीब 20 घरों में पानी घुसा। बारिश के कारण ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 18 जिलों में ऑरेंज और 4 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ एक स्थानों पर ओले गिरने की भी संभावना है।

नारनौल में अब तक सबसे ज्यादा 22MM बारिश दर्ज की गई है। वहीं जींद 14.2, हिसार 11.6, बालसमंद 13, रोहतक 5.8, भिवानी 4.3, सिरसा 2, गुरुग्राम 2.5, कुरुक्षेत्र 1.5, पानीपत 1 और सोनीपत में 7.5 एमएम बारिश हो चुकी है।

हरियाणा में 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में औसतन 4.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। सबसे कम तापमान यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज में 9.9 डिग्री दर्ज किया गया है।

रेवाड़ी के गांव कवाली के किसान यशपाल खोला ने बताया है कि बारिश होने से धुंध होगी। जिससे गेहूं की फसल अच्छी होगी। बेलदार फसलों को फायदा होगा। इसके साथ प्रदूषण से भी राहत मिलेगी।

Exit mobile version