रोहतक में बारिश को लेकर जारी अलर्ट के बाद डीसी सचिन गुप्ता ने टोल फ्री नंबर जारी किए हैं। जिले में अगर किसी जगह पानी भर जाए या जलभराव की समस्या हो, तो लोग इन नंबरों पर कॉल करके मदद ले सकते हैं। प्रशासन मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान करेगा।
सरकार की तरफ से हरियाणा में बारिश को देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है। इसी के मद्देनजर डीसी ने 4 टोल फ्री नंबर जारी किए हैं, ताकि जलभराव की शिकायतें सीधे मिलें और पानी निकालने की व्यवस्था तुरंत की जा सके।
डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि डीसी ऑफिस में बाढ़ के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 01262-230401, सांपला के लिए 01262-263046, महम के लिए 01257-233148 व रोहतक के लिए 01262-244151 नंबर जारी किया गया है। इन नंबरों पर 24 घंटे अधिकारी उपलब्ध रहेंगे, ताकि जलभराव की समस्या का समाधान करवाया जा सके।
डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि ड्रेन नंबर 8 की निगरानी के लिए विशेष टीम बनाई गई है, जो लगातार ड्रेन का निरीक्षण कर रही है ताकि वह कहीं से टूट न जाए। निगरानी के लिए राउंडअप टीम लगातार ड्रेन पर नजर बनाए हुए है। वहीं, जलभराव वाले क्षेत्र के लिए क्षतिपूर्ति पोर्टल खोला गया है।
डीसी सचिन गुप्ता ने बताया कि जलभराव की समस्या को लेकर सरपंचों, आरडब्ल्यूए व एनजीओ का सहयोग भी लिया जाएगा। वह खुद भी पेट्रोलिंग करेंगे और स्थानीय लोगों से भी सहयोग लिया जाएगा, ताकि जलभराव की समस्या से निपटा जा सके। सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मीटिंग की जाएगी।
शहर में सड़कों पर डाले जा रहे मेडिकल वेस्ट को लेकर डीसी सचिन गुप्ता ने कहा कि सड़कों पर मेडिकल वेस्ट डालने की जानकारी उन्हें मिली है। जो अस्पताल ऐसा काम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेडिकल वेस्ट को सड़कों पर डालना गलत है और प्रशासन इसको लेकर अपना काम करेगा।
