Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा के 4 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, आज से मानसून होगा सक्रिय; 22 जुलाई तक अच्छी बरसात के आसार

हरियाणा में पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मानसून की गतिविधियां तेज होने के साथ राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना बढ़ गई है। शनिवार शाम को हिसार समेत कई जिलों में मौसम ने करवट ली। हल्की हवाओं के साथ बादल छाए रहे, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी। प्रदेश के उत्तरी जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मध्य और दक्षिणी हरियाणा के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। मौसम में बदलाव का असर बिजली की मांग पर भी देखने को मिला है। 17 जुलाई को प्रदेश में बिजली की मांग ऑल टाइम पीक 14,429 मेगावाट तक पहुंच गई थी, लेकिन 18 जुलाई की शाम मौसम सुहावना होने के बाद यह घटकर 13,887 मेगावाट रह गई।

22 जुलाई तक अच्छी बारिश की संभावना:- मौसम विभाग के अनुसार 20 जुलाई से मानसून पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा और 20 से 22 जुलाई के बीच इसका प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिलेगा। 20 और 21 जुलाई को यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल और कैथल जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 22 जुलाई को भी प्रदेश के उत्तरी क्षेत्रों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हालांकि 23 जुलाई को बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की जा सकती है। वहीं, दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और जींद जिलों में भी अनेक स्थानों पर अच्छी वर्षा होने के संकेत हैं।

तापमान अभी भी सामान्य से ऊपर: प्रदेश में उमस और तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक तापमान सिरसा में 40.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा रोहतक में 40.3 डिग्री, हिसार में 39.7 डिग्री और भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। हालांकि पिछले दिन की तुलना में औसत अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई।

न्यूनतम तापमान भी सामान्य से लगभग 2.1 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है, जिसके कारण रात के समय भी लोगों को उमस का सामना करना पड़ रहा है। सुबह तक प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान भिवानी में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं फरीदाबाद और नूंह में न्यूनतम तापमान 31.2 डिग्री तथा सिरसा में 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पिछले 24 घंटों के दौरान औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली कमी दर्ज की गई।

Exit mobile version