हरियाणा में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने 3 जिलों सिरसा, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में हीट वेव का रेड अलर्ट, 11 जिलों में ऑरेज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक रेड-ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से लू चलेगी।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और झज्जर शामिल हैं। वहीं, येलो अलर्ट वाले जिलों में कैथल, करनाल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, अंबाला और पंचकूला शामिल हैं।
हरियाणा में अगले 3 दिनों तक बारिश के कोई आसार नहीं दिख रहे हैं। लोगों को अभी गर्मी का सामना करना पड़ेगा।
इसके साथ पंजाब और चंडीगढ़ में भी हीट वेव का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल में बारिश होने से गर्मी से राहत मिली है। आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है
हरियाणा में अगले तीन दिन गर्मी से कोई राहत मिलते नहीं दिख रही है। मौसम विभाग ने वोटिंग के दिन 25 मई को प्रदेश के 16 जिलों में रेड अलर्ट और अन्य जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 26 और 27 मई को भी ऐसे ही हालात रहेंगे। इस दौरान तेज गर्म हवाएं चलेंगी।
गर्मी के रेड अलर्ट के बीच 25 मई से नौतपा भी शुरू हो रहा है। नौतपा के दौरान लगातार 9 दिन भीषण गर्मी पड़ती है। नौतपा तब होता है जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है। यह हर साल आता है। इस दौरान 9 दिनों तक सूर्य देव उग्र रूप में रहते हैं।
शिक्षा विभाग ने स्कूलों में वाटर कूलर और RO लगाने के ऑर्डर जारी कर दिए हैं। मुख्यालय की ओर से जारी ऑर्डर में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को कहा गया है कि वह विभाग की आधिकारिक मेल आईडी पर इसकी जानकारी तुरंत भेजे। विभाग ने यह ऑर्डर लगातार पड़ रही गर्मी को देखते हुए लिया है।

गर्मी को देखते हुए अब तक 15 जिलों में नर्सरी से 5वीं व 8वीं क्लास तक के बच्चों की 24 व 31 मई तक छुट्टियां घोषित की गई हैं। नर्सरी से 5वीं क्लास तक के बच्चों की करनाल, कैथल, रेवाड़ी, सोनीपत में आज तक (24 मई) और पंचकूला व महेंद्रगढ़ में 31 मई तक छुट्टियां की गई हैं। इसके अलावा, हिसार, कुरुक्षेत्र, सिरसा, नूंह, भिवानी, यमुनानगर, फतेहाबाद, जींद, पानीपत में नर्सरी से 8वीं क्लास तक की आज तक (24 मई) छुट्टियां की हैं। वहीं चरखी दादरी में छुट्टी के आदेश DC मनदीप कौर ने वापस ले लिए हैं।
