Site icon Digital Bhoomi – Haryana's Leading News Plate form and Weekly Newspaper Get latest Haryana News

हरियाणा में कल से 11 जिलों में चलेगी लू:20 दिन बाद आएगा मानसून; 9 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार

हरियाणा में एकाएक फिर गर्मी बढ़ रही है। गर्मी के प्रभाव से उमस बढ़ गई है। शनिवार को हरियाणा के 9 शहरों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। वहीं सिरसा सबसे अधिक गर्म रहा। यहां तापमान 44 डिग्री तक पहुंच गया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अभी बारिश के कोई आसार नहीं है। कल 9 जून से एक बार फिर लू के थपेड़े महसूस किए जाएंगे। राजस्थान के साथ लगते हरियाणा के 11 जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, पलवल, रेवाड़ी और मेवात में लू का असर देखा जा सकता है।

गर्मी के कारण हरियाणा के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में आज अधिकतम तापमान 41-44°C के बीच दर्ज किया गया। चंडीगढ़ सहित हरियाणा के उत्तरी भागों में अधिकतम तापमान 37-40°C के बीच दर्ज किया। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 9 जून तक मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है।

इस दौरान उत्तर पश्चिमी व पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना से विशेषकर दिन के तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में बढ़ोतरी से बीच-बीच में हलके बादल और कहीं-कहीं धूलभरी हवाएं चलने की भी संभावना है।

9 से 11 जून 2025 के दौरान हरियाणा के दक्षिणी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में अधिकतम तापमान 43-45°C तक पहुंचने की संभावना है, जिससे इस क्षेत्र में लू की स्थिति पैदा हो सकती है। इसी अवधि (9 से 11 जून 2025) के दौरान उत्तरी और पूर्वी पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41-43°C रहने की संभावना है। वहीं बता दें कि हरियाणा में 28 जून को मानसून दस्तक दे सकता है।

Exit mobile version