भारत मौसम विज्ञान विभाग, मौसम केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने हरियाणा में दो दिन (20 व 21 मई) के लिए हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत प्रदेश में लू चलेंगी। मौसम विभाग ने लू को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह भी दी है।
प्रदेश का अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। जिसके चलते लोगों को गर्मी का सामना भी करना पड़ रहा है। हीटवेव के अलर्ट को देखते हुए फतेहाबाद के स्कूलों के समय में भी बदलाव किया गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मौसम केंद्र चंडीगढ़ (IMD) ने 20 से 23 मई तक के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है। 20 मई को प्रदेश के 12 जिलों (सिरसा, हिसार, भिवानी, रोहतक, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल) में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है।
इसके साथ ही रातें भी गर्म होंगी। 21 मई को हरियाणा के 13 जिलों (सिरसा, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेवात व पलवल) में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं रातें भी गर्म रहेंगी।
साथ ही 22 मई को मौसम सामान्य रहेगा। वहीं 23 मई को प्रदेश के तीन जिलों अंबाला, पंचकूला व यमुनानगर में मौसम बदलेगा। जिसके तहत बादल छाए रहने, गरज व चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
हरियाणा के अधिकतम तापमान में सोमवार को 0.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं प्रदेश का अधिकतम तापमान भी सामान्य के नजदीक ही चल रहा है। इधर, प्रदेश का सबसे गर्म जिला हिसार रहा। हिसार का अधिकतम तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
